इस नए अपडेट ने काम बनाया आसान, मास्क पहने हुए भी ये स्मार्टफोन हो जाएगा अनलॉक

667

यदि आप भी Apple का आईफोन यूज करते हैं तो अब आप एक नए फीचर के चलते बाकी स्मार्टफोन यूजर्स से ज्यादा कूल तरीके से अपने फोन को अनलॉक कर सकेंगे। दरअसल फोन में फेस अनलॉक का जो फीचर है वह पहले तो अच्छा था लेकिन मास्क के चलते अब फेस अनलॉक फीचर भी पहले जैसा बहुत आसान नहीं था। पहले तो सिर्फ फ्रंट कैमरे के सामने चेहरा करना था और फोन अनलॉक लेकिन कोरोना आने के बाद पहले मास्क हटाकर फोन अनलॉक करें और फिर मास्क लगाना थोड़ा मुश्किल हो गया। अब आईफोन ने अपने यूजर्स की इस समस्या को हल कर दिया है…

एपल ने iOS 14.5 का बीटा वर्जन रिलीज कर दिया है। इस अपडेट में एक बड़ा फीचर ये भी है कि मास्क पहने रहने के बाद भी आप अपने आईफोन को फेस आईडी से अनलॉक कर पाएंगे। इसके साथ ही iOS 14.5 के अपडेट में कई बग को भी फिक्स किया गया है। लेटेस्ट अपडेट में 5जी का भी सपोर्ट जारी किया गया है।

सभी लोग नहीं इस्तेमाल कर पाएंगे ये फीचर
आईफोन ने अपने नए अपडेट में मास्क के साथ फेस अनलॉक फीचर तो दे दिया है और इस मामले में बाकी स्मार्टफोन से आगे भी हो गया है लेकिन इस फीचर के इस्तेमाल में अभी भी एक मुश्किल है। दरअसल मास्क के साथ फेस अनलाक फीचर सिर्फ वही आईफोन यूजर्स इस्तेमाल कर पाएंगे जिनके पास एपल वॉच भी होगी। एपल वॉच के अनलॉक होने के बाद आपको फोन में देखना होगा और उसके बाद आपका फोन भी अनलॉक हो जाएगा। 

ऑटोमैटिक नहीं करेगा काम
सिक्युरिटी को ध्यान में रखते हुए आईफोन में एक फीचर और जोड़ा गया है कि जब आपका फोन अनलॉक होगा तो उसके बाद आपके स्मार्टवॉच पर एक हैप्टिक वाइब्रेशन भी होगा। इससे ऑथेंटिकेशन भी होगा और आपको पता भी चलेगा कि आपका फोन अनलॉक हुआ है। हालांकि iOS 14.5 का अपडेट आने के बाद फेस अनलॉक का फीचर पहले की तरह ऑटोमैटिक काम नहीं करेगा। इसे आपको मैन्युअल तरीके से ऑन करना होगा।

फेस अनलॉक से नहीं होगा पेमेंट
पहले पेमेंट के लिए फेस अनलॉक जिस तरह से काम करता था अब नए अपडेट के बाद होने वाले फेस अनलॉक तरीके से पेमेंट नहीं कर पाएंगे। ऐसे में नया अपडेट सभी के लिए तो बहुत बेहतर नहीं कहा जा सकता लेकिन जिनके पास एपल वॉच है, उनके लिए यह अपडेट काफी काम का है।

Web Stories