
दुनिया का सबसे बड़ा सर्च इंजन गूगल (Google ) अपने यूजर्स की सहूलियत के लिए कई सारे अडवांस फीचर्स लाता रहता है। फिर वो वॉइस असिस्टेंट हो या फिर गूगल क्लाउड, गूगल यूजर्स के लिए कई नई सुविधाएं लाता रहता है। आज हम आपको गूगल की ऐसी ही एक कमाल की टेक्नोलॉजी गूगल लेंस (Google Lens) के बारे में बताएंगे। क्या होता है गूगल लेंस और आपके रोजमर्रा जीवन में कैसे आ सकता है काम? ये सब आज की हमारी खास रिपोर्ट में…
क्या है गूगल लेंस?
गूगल लेंस एक ऐसी टेक्नोलॉजी है जिसके जरिए आपके स्मार्टफोन का कैमरा बहुत ही अडवांस हो जाएगा। इसमें बस आपको किसी भी ऑब्जेक्ट की फोटो लेनी है और तुरन्त उससे संबंधित जानकारी आपके फोन की स्क्रीन पर आ जाएगी। है न इंटरेस्टिंग? चलिए आपको इस टेक्नोलॉजी के बारे में विस्तार से बताते हैं। गूगल लेंस गूगल की ही एक इमेज रिकॉग्निशन टेक्नोलॉजी है। इसमें आप किसी भी ऑब्जेक्ट की मात्र फोटो खींचकर उसके बारे में जानकारी पा सकते हैं। आपको कुछ नहीं करना है, बस उस ऑब्जेक्ट या वस्तु की सही से फोटो खींचनी है। जैसे आपको अपने दोस्त के जूते या लैपटॉप पंसद आ गया। आपको वो खरीदने हैं लेकिन काफी माथापच्ची करने के बाद भी आप ऑनलाइन सेम मॉडल नहीं खोज पाए तो गूगल लेंस आपकी खासी मदद कर सकता है।
दरअसल गूगल लेंस एक ऐसी तकनीक है जिसके जरिए गूगल एक फोटो के आधार पर आपको उस वस्तु से जुड़ी सारी जानकारी एक क्लिक में देता है। गूगल ने ये तकनीक साल 2017 में लॉन्च की थी। हालांकि उस वक्त यह केवल गूगल के पिक्सल स्मार्टफोन तक ही सीमित थी। इसके बाद जब फीचर लोकप्रिय हुआ तो गूगल ने हर एंड्रॉइड स्मार्टफोन में इसे रोल आउट कर दिया। पहले ये एक अलग से एप की तरह लॉन्च किया गया था लेकिन बाद में इसे स्मार्टफोन कैमरा में ही इंटीग्रेट कर दिया। आप अपने स्मार्टफोन के कैमरे में जाकर इसे देख सकते हैं।

क्या हैं गूगल लेंस का फायदा?
गूगल लेंस के कई फायदे हैं। आप मनचाहा ट्रांसलेशन कर सकते हैं। किसी भी अनजान लैंग्वेज को स्कैन करिए, आपके सामने उसका मनचाही भाषा में ट्रांसलेशन मिल जाएगा। इससे आप QR कोड स्कैन कर प्रोडक्ट से जुड़ी जानकारी ले सकते हैं। किसी ऐतिहासिक धरोहर का फोटो खींच उसके बारे में सारी डीटेल्स पा सकते हैं। साथ ही किसी भी नए प्रोडक्ट की महज फोटो खींचकर ही आप उसे खरीदने के पेज पर जा सकते हैं। इसके जरिए आप किसी भी टेक्स्ट को अपने फोन में कॉपी भी कर सकते हैं, वो भी बिना कीबोर्ड को हाथ लगाए। बस गूगल लेंस खोलकर नीचे टेक्स्ट पर क्लिक करना है और किसी भी टेक्स्ट की तस्वीर खींच देनी है। इसके बाद आपके पास सुनने का विकल्प भी आता है। आप Listen पर क्लिक कर इसे सुन भी सकते हैं।
स्मार्टफोन में कहां आता है गूगल लेंस?
अगर आप एंड्रॉइड स्मार्टफोन यूजर हैं तो अब गूगल सीधे ही कैमरा एप में गूगल लेंस फीचर देने लगा है। आपको बस नॉर्मल कैमरा एप खोलना है। फिर सबसे ऊपर दाईं ओर देखना है। वहां पर गूगल लेंस का लोगो दिखेगा। उसी पर क्लिक करना है। जैसे ही क्लिक करेंगे तो गूगल लेंस ओपन हो जाएगा। इसके अलावा आप इसे गूगल प्ले स्टोर से भी डाउनलोड कर सकते हैं।