WhatsApp से दोस्तों को भेजें पैसें या करें लेनदेन, बड़ा आसान है शुरू करने का तरीका

3040

लोकप्रिय ई-मैसेजिंग एप व्हाट्सएप (WhatsApp) समय-समय पर अपने यूजर्स के एक्सपीरियंस को शानदार बनाने के लिए कई नई सेवाएं और फीचर्स शुरू करता रहता है। फेसबुक के स्वामित्व वाली इस कंपनी ने बीते साल ही व्हाट्सएप पे (WhatsApp Pay) नाम से एक नई सेवा शुरू की थी। इस यूपीआई बेस्ड सेवा में आप किसी भी शख्स के साथ पैसों का लेनदेन कर सकते हैं, वो भी केवल एक क्लिक पर। बीते साल फरवरी में इसे ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया था और साल के आखिर तक आते-आते नवंबर के महीने में इसे सभी यूजर्स के लिए शुरू कर दिया गया।

कुछ ही समय पहले शुरू हुई ये सेवा जल्द ही लोगों के बीच लोकप्रिय हो गई है। अगर आप भी व्हाट्सएप चलाते हैं तो ये सेवा आपके दैनिक कामों को और अधिक आसान बना देगी। इसके साथ ही आपको बाकी कोई दूसरे पेमेंट एप्स (गूगल पे, फोन पे) भी रखने की जरूरत नहीं होगी। अगर आप भी व्हाट्सएप की इस सेवा का इस्तेमाल करना चाहते हैं तो हम आपको बता रहे हैं इसे शुरू करने की पूरी प्रक्रिया। चलिए आपको बताते हैं…

कैसे शुरू करें व्हाट्सएप पे सेवा?
इसके लिए सबसे पहले आपको अपने फोन पर व्हाट्सएप ओपन करना है। एप खोलते ही आपके सामने आपकी सभी चैट्स आ जाती हैं। अब आपको सबसे ऊपर दाईं ओर बने तीन डॉट्स पर क्लिक करना है। यहां आपको न्यू ग्रुप, न्यू ब्रॉडकास्ट, व्हाट्सएप वेब (WhatsApp Web) जैसे कई विकल्प मिलते हैं। अब यहां आपको सेकेंड लास्ट विकल्प पेमेंट पर क्लिक करना है। पेमेंट क्लिक करते ही आपके सामने व्हाट्सएप की पॉलिसी एक्सेप्ट करने का नोटिफिकेशन आता है। आपको एक्सेप्ट एंड कॉन्टीन्यू पर क्लिक करना है।

अब आप बैंक के लैंडिंग पेज पर चले गए। यहां आपको कई सारे बैंकों के नाम दिखेंगे। आपको वो बैंक सिलेक्ट करना है जिसमें आपका खाता है। (याद रखें आपके बैंक अकाउंट में वही नंबर रजिस्टर्ड होना चाहिए जिससे आप व्हाट्सएप चलाते हैं)। यहां क्लिक करने के बाद आपके मोबाइल नंबर से बैंक डीटेल्स वेरिफाई की जाएंगी। वेरिफाई करने के लिए आपके नंबर पर एक मैसेज आएगा। जैसे ही वेरिफिकेशन प्रोसेस पूरी होती है। आपके फोन पर व्हाट्सएप पे शुरू हो जाता है। आप आराम से पेमेंट कर सकते हैं। अब जब दोबारा आप पेमेंट पेज पर जाते हैं तो आपके सामने आपके बैंक का नाम नीचे लिखा जाता है और ऊपर आपकी व्हाट्सएप पे यूपीआई आईडी दिखती है। अगर आपके एक ही नंबर से दो-तीन बैंक खाते हैं तो आप एड पेमेंट मेथड (Add Payment Method) पर क्लिक करके दूसरा अकाउंट भी व्हाट्सएप पे पर जोड़ सकते हैं।

WhatsApp Pay Steps
अपने नंबर पर ऐसे एक्टिवेट करें WhatsApp Pay सुविधा

व्हाट्सएप पे से पेमेंट कैसे करें?
जब आप व्हाट्सएप पे शुरू कर लेते हैं तो आप फिर से तीन डॉट पर क्लिक करके पेमेंट पेज पर जाइए। यहां आपको नीचे न्यू पेमेंट नाम से विकल्प दिखता है। इस पर क्लिक करते ही आपके सामने आपके व्हाट्सएप कॉन्टैक्ट दिखना शुरू हो जाते हैं और उनके ऊपर सेंड टू अ यूपीआई आईडी (Send To A UPI Id) और स्कैन अ यूपीआई क्यूआर कोड (Scan A UPI QR Code) नाम के दो विकल्प दिखते हैं। अगर आप कोई क्यूआर कोड स्कैन करके पेमेंट करना चाहते हैं तो पहले विकल्प पर क्लिक करिए। अगर आपके पास किसी शख्स की यूपीआई आईडी है तो आप दूसरे विकल्प पर क्लिक करके यूपीआई आईडी दर्ज कर पेमेंट कर सकते हैं।

अगर सामने वाला शख्स व्हाट्सएप पेमेंट यूज करता है तो आप सीधे व्हाट्सएप कॉन्टैक्ट में जाकर पेमेंट कर सकते हैं। जैसे आपका कोई दोस्त व्हाट्सएप पे यूज करता है तो आप उसकी चैट खोलिए। वहां पर अटैचमेंट पर क्लिक करिए। अब आपको पेमेंट नाम का ऑप्शन दिख रहा होगा। आप उस पर क्लिक कर दीजिए। आपके सामने पैसे भरने का विकल्प दिखेगा। जितने पैसे भेजने हैं, तय जगह पर क्लिक करके आप सीधे ही उसके खाते में पैसे जमा कर सकते हैं।

अगर अपने पेमेंट मेथड में कोई अकाउंट सेट कर रखा है और आप उसे हटाना चाहते हैं तो आप पेमेंट पेज पर जाकर उस अकाउंट पर क्लिक करिए। इसके बाद सबसे ऊपर दाईं ओर बने तीन डॉट्स पर क्लिक करिए। यहां आपको रिमूव लेमेंट मेथड नाम का विकल्प मिलेगा। यहां क्लिक कर फिर रिमूव पर टैप करके आप अपने किसी भी बैंक अकॉउंट को पेमेंट मेथड से हटा सकते हैं। यहीं से आप अपने यूपीआई पिन भी बदल सकते हैं।

Web Stories