
बजट रेंज में आने वाले Samsung Galaxy F36 5G की सेल आज से शुरू हो गई है। इस फोन को आप फ्लिपकार्ट और सैमसंग इंडिया की ऑनलाइन स्टोर से खरीद सकते हैं। बता दें कि सैमसंग गैलेक्सी F36 5G में कंपनी ने ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया है और यह ऑक्टा-कोर एक्सिनॉस 1380 चिपसेट से लैस है। फोन में आपको 5,000mAh की बैटरी मिलती है। इस फोन को तीन कलर ऑप्शंस और दो स्टोरेज वैरियंट के साथ बाजार में उतारा गया है। अगर आप फ्लिपकार्ट से खरीदारी करते हैं, तो कुछ क्रेडिट और डेबिट कार्ड पर बैंक ऑफर का फायदा भी उठा सकते हैं।
Samsung Galaxy F36 5G की कीमत और ऑफर
सैमसंग गैलेक्सी एफ 36 5G के 6GB रैम और 128GB इंटरनल स्टोरेज वाले बेस वैरियंट की शुरुआती कीमत 17,499 रुपये है, वहीं 8GB रैम और 256GB इंटरनल स्टोरेज वाले वैरियंट की कीमत 18,999 रुपये है। यह स्मार्टफोन तीन कलर कोरल रेड, लक्स वायलेट और ऑनिक्स ब्लैक में उपलब्ध है। इन तीनों कलर में लेदर फिनिश बैक पैनल है।
बताते चलें कि सैमसंग गैलेक्सी F36 5G आज से फ्लिपकार्ट और सैमसंग की आधिकारिक ऑनलाइन स्टोर पर उपलब्ध है। फ्लिपकार्ट पर इस फोन के साथ कई कैशबैक ऑफर हैं। फ्लिपकार्ट एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड पर क्रमशः 4,000 रुपये और 750 रुपये तक का 5 प्रतिशत कैशबैक मिल सकता है। इसके अलावा, पेटीएम यूपीआई ट्रांजैक्शन पर 10 रुपये का तुरंत कैशबैक भी मिलेगा। जो लोग पूरी राशि एक साथ नहीं देना चाहते हैं, उनके लिए फ्लिपकार्ट नो-कॉस्ट EMI का विकल्प भी मिल रहा है, जिसमें फोन को 1,945 रुपये की मासिक किस्त पर बिना डाउन पेमेंट के खरीदा जा सकता है।
Samsung Galaxy F36 5G के स्पेसिफिकेशंस
सैमसंग गैलेक्सी एफ 36 5G के स्पेसिफिकेशंस की बात करें, तो इसमें आपको 6.7 इंच का सुपर AMOLED टचस्क्रीन मिलता है, जिसमें FHD+ रिजॉल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट है। डिस्प्ले पर कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास विक्टस+ का प्रोटेक्शन मौजूद है। वहीं सेल्फी कैमरे के लिए टियरड्रॉप-स्टाइल नॉच दिया है। यह फोन ऑक्टा-कोर एक्सिनॉस 1380 प्रोसेसर से लैस है, जो माली-G68 MP5 GPU, 8GB तक रैम और 256GB तक इंटरनल स्टोरेज के साथ आता है। अच्छी बात यह है कि इसमें हीट को कंट्रोल करने के लिए वेपर चैंबर है।
यह फोन ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप के साथ आता है, जिसमें 50MP प्राइमरी कैमरा (f/1.8) है, जो ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन (OIS) और 4K वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करता है। इसके अलावा, 8 MP का अल्ट्रा-वाइड लेंस (f/2.2) और 2 MP का मैक्रो सेंसर है। वहीं फ्रंट में आपको 13MP का सेल्फी कैमरा है, जो 4K वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करता है। सैमसंग गैलेक्सी F36 5G एंड्रॉयड 15 पर आधारित वन UI 7 पर चलता है। सैमसंग इस फोन में 6 जेनरेशन एंड्रॉयड OS अपडेट और 7 साल सिक्योरिटी पैच देगा।
गैलेक्सी F36 5G में कई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फीचर्स भी दिए गए हैं, जैसे कि गूगल का सर्कल टू सर्च, जेमिनी लाइव, ऑब्जेक्ट इरेजर, इमेज क्लिपर और AI एडिट सजेशंस। बैटरी की बात करें, तो इसमें 5,000mAh की बैटरी है, जो 25W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। फोन को अनलॉक करने के लिए साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर है। चार्जिंग के लिए USB टाइप-C पोर्ट है और कनेक्टिविटी के लिए डुअल-बैंड वाई-फाई, ब्लूटूथ 5.3 और GPS + GLONASS मिलता है। वजन 197 ग्राम है।


