इंडिया में 5.5G सपोर्ट के साथ आने वाले मोबाइल फोन

इंडिया में 5G नेटवर्क को सपोर्ट करने वाले मोबाइल फोन के बाद अब 5.5G तकनीक के साथ आने वाले स्मार्टफोन ने भी दस्तक दे दी है। वनप्लस 13 (OnePlus 13) और वनप्लस 13आर (OnePlus 13R) भारत के पहले स्मार्टफोन हैं, जो 5.5G तकनीक का सपोर्ट करते हैं। बताते चलें कि जियो (Jio) ने सबसे पहले भारत में इस तकनीक को पेश की है। जब डिवाइस जियो के 5.5G नेटवर्क से कनेक्ट होंगे, तो स्क्रीन पर 5GA आइकन दिखाई देगा, जिससे यूजर्स को आसानी से पता चल जाएगा कि वे इस एडवांस नेटवर्क से जुड़ चुके हैं। आइए इस आर्टिकल में आपको बताते हैं 5.5G सपोर्ट के साथ आने वाले फोन के बारे में, साथ ही जानेंगे क्या है 5.5G तकनीक:

इंडिया में 5.5G सपोर्ट वाले मोबाइल फोन

इस समय भारत में OnePlus 13 और OnePlus 13R ही 5.5G नेटवर्क सपोर्ट के साथ आने वाले फोन हैं। आइए जानते हैं इनके बारे मेंः

OnePlus 13

OnePlus 13 में 6.82-इंच का QHD+ ProXDR LTPO डिस्प्ले है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 4,500 निट्स की पीक ब्राइटनेस के साथ आता है। इसमें Qualcomm Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर और Adreno 830 GPU है। कैमरा फीचर की बात करें, तो फोन में 50MP Sony LYT-808 प्राइमरी कैमरा, 50MP Sony LYT-600 टेलीफोटो कैमरा (3X ऑप्टिकल जूम), 50MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 32MP Sony IMX615 फ्रंट कैमरा हैं।

यह फोन 6,000mAh बैटरी के साथ आता है, जिसमें 100W SUPERVOOC वायर्ड और 50W AIRVOOC वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट है। यह फोन OxygenOS 15 पर आधारित Android 15 पर रन करता है। फोन 4 साल तक Android अपग्रेड और 6 साल तक सिक्योरिटी अपडेट के साथ आता है। इसमें 5.5G नेटवर्क, Wi-Fi 7, NFC, USB Type-C पोर्ट, अलर्ट स्लाइडर, अल्ट्रासोनिक फिंगरप्रिंट सेंसर और IP68/69 डस्ट वॉटर रेसिस्टेंस फीचर्स हैं।

वनप्लस 13 की कीमतः वनप्लस 13 के 12GB + 256GB की कीमत 69,999 रुपये, 16GB + 512GB की 76,999 रुपये और 24GB + 1TB की 89,999 रुपये है।

OnePlus 13R

OnePlus 13R में 6.77-इंच का 1.5K ProXDR LTPO डिस्प्ले है, जिसमें 120Hz रिफ्रेश रेट, 4,500 निट्स पीक ब्राइटनेस और Gorilla Glass 7i प्रोटेक्शन है। इसमें Qualcomm Snapdragon 8 Gen 3 प्रोसेसर और Adreno 750 GPU दिया गया है। कैमरा सेटअप की बात करें, तो 50MP Sony LYT-700 प्राइमरी कैमरा, 50MP टेलीफोटो कैमरा (2X ऑप्टिकल जूम), 8MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 16MP फ्रंट कैमरा है। यह फोन 6,000mAh बैटरी के साथ आता है और 80W SUPERVOOC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है।

फोन OxygenOS 15 के साथ आता है, जो Android 15 पर आधारित है। यह 4 साल तक Android अपग्रेड और 6 साल तक सिक्योरिटी अपडेट की सुविधा के साथ आता है। अन्य फीचर्स की बात करें, तो फोन में 5.5G नेटवर्क, Wi-Fi 7, NFC, ऑप्टिकल फिंगरप्रिंट सेंसर, अलर्ट स्लाइडर और IP65 डस्ट वॉटर रेसिस्टेंस हैं।

वनप्लस 13R की कीमतः वनप्लस 13R के 12GB + 256GB की कीमत 42,999 रुपये और 16GB + 512GB की कीमत 49,999 रुपये है।

5.5G नेटवर्क क्या है?

जियो ने OnePlus के साथ मिलकर 5.5G तकनीक पेश की है, जो देश में चल रहे 5G का एक एडवांस वर्जन है। 5G (पांचवीं पीढ़ी की तकनीक) पहले से ही मोबाइल कनेक्टिविटी में क्रांति ला रही है और 5.5G इस तकनीक का एक बेहतर वर्जन है, जो कंपोनेंट कैरियर एग्रीगेशन (3CC) पर आधारित है। यह तकनीक डिवाइस को एक साथ कई नेटवर्क सेल्स से जुड़ने की अनुमति देती है, जिससे डाउनलोड स्पीड तेज होती है, कवरेज बेहतर होता है और लेटेंसी कम होती है।

5.5G का कॉन्सेप्ट मौजूदा 5G इंफ्रास्ट्रक्चर पर आधारित है, जो इसे भारतीय बाजार के लिए अधिक भरोसेमंद और एडवांस बनाती है। जियो देश का पहला टेलीकॉम ऑपरेटर है जिसने इस अपग्रेडेड 5G वर्जन को तैनात किया है और इसे खासकर टैंडअलोन SA 5G नेटवर्क पर उपलब्ध कराया है।

5.5G और 5G में क्या अंतर है

5G एक समय में केवल एक सिंगल सेल टावर से कनेक्ट करने की अनुमति देता है, वहीं 5.5G एक साथ कई नेटवर्क सेल (टावर्स सहित) से कनेक्ट कर सकता है। इससे नेटवर्क का उपयोग अधिक बेहतर हो जाता है, जिससे डाटा ट्रांसफर स्पीड और मोबाइल परफॉर्मेंस में सुधार होता है।

OnePlus 13 सीरीज ने Jio के 5.5G नेटवर्क पर 1,014.86 Mbps की डाउनलोड स्पीड हासिल की, जबकि पारंपरिक 5G नेटवर्क पर यह 277.78 Mbps थी यानी स्पीड 380% ज्यादा बेहतर हो गई है। इससे यूजर्स को तेज और विश्वसनीय कनेक्टिविटी मिलती है।

Jio 5.5G नेटवर्क के बेनिफिट्स

  • तेज डाउनलोड और अपडेट मिलेगी। फिल्में, ऐप्स और सिस्टम अपडेट तेजी से होगी।
  • 4K वीडियो स्ट्रीमिंग और ऑनलाइन गेमिंग अब अधिक स्मूथ और लैग-फ्री होगी।
  • भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बेसमेंट या यात्रा के दौरान भी बेहतर वॉयस और वीडियो कॉल्स होगी।
  • कई टावर्स से कनेक्ट होने की क्षमता दूरदराज के इलाकों, बेसमेंट और अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों में स्थिर कनेक्शन सुनिश्चित करती है।