सबसे पावरफुल प्रोसेसर के साथ OnePlus 15 ने मारी एंट्री, iPhone 17 और Galaxy S25 को देगा तगड़ी टक्कर

वनप्लस (OnePlus) ने भारत में अपना नया फ्लैगशिप स्मार्टफोन OnePlus 15 लॉन्च कर दिया है, जो अब तक का सबसे एडवांस और पावरफुल वनप्लस डिवाइस माना जा रहा है। कंपनी ने इसे नए डिजाइन, अल्ट्रा-फास्ट चिपसेट, बेहतरीन डिस्प्ले और स्मार्ट AI फीचर्स के साथ पेश किया है। खास बात यह है कि OnePlus 15 भारत का पहला स्मार्टफोन है, जो Qualcomm के सबसे पावरफुल Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर से लैस है यानी यह फोन परफॉर्मेंस के मामले में सीधे iPhone 17 और Samsung Galaxy S25 जैसे टॉप फ्लैगशिप्स को टक्कर दे सकता है।

भारत में OnePlus 15 दो वैरियंट में पेश किया गया है, जिसमें 12GB रैम + 256GB स्टोरेज वाला मॉडल 72,999 रुपये और 16GB रैम + 512GB स्टोरेज वाला मॉडल 79,999 रुपये में लॉन्च किया गया है। यह फोन तीन कलर ऑप्शन Infinite Black, Sand Storm और Ultra Violet में खरीदा जा सकेगा।

OnePlus 15

बता दें कि फोन की बिक्री 13 नवंबर की रात 8 बजे से Amazon इंडिया, OnePlus इंडिया वेबसाइट और चुनिंदा रिटेल स्टोर्स पर शुरू हो गई है। लॉन्च ऑफर के तहत कंपनी HDFC बैंक कार्ड पर 4,000 रुपये का इंस्टेंट डिस्काउंट मिल रहा है, जिससे फोन की कीमत क्रमशः 68,999 और 75,999 रुपये रह जाती है। इसके अलावा, फोन की खरीदारी पर कंपनी OnePlus Nord Buds 3 ईयरबड्स के साथ लाइफटाइम डिस्प्ले वारंटी मुफ्त में दे रही है।

डिजाइन की बात करें, तो OnePlus 15 को बेहद प्रीमियम बिल्ड के साथ तैयार किया गया है। इसका कैमरा बहुत सलीके से लगाया गया है और फोन के चारों तरफ बहुत पतले बेजल्स हैं, जिससे स्क्रीन बड़ी और आकर्षक लगती है। इसमें LIPO तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जो स्क्रीन को मजबूत और टिकाऊ बनाती है। फोन का फ्रेम फ्लैट है और किनारे हल्के राउंड हैं। फोन पानी और धूल से भी सुरक्षित है। इसमें IP66, IP68, IP69 और IP69K जैसी चार रेटिंग्स हैं यानी यह फोन 2 मीटर गहरे पानी में 30 मिनट तक रह सकता है और गर्म पानी के प्रेशर को भी झेल सकता है। फोन की स्क्रीन के लिए एक खास AR एंटी-रिफ्लेक्टिंग ग्लास भी है, जो रिफ्लेक्शन को कम करता है और टच व स्क्रीन की क्वालिटी को शानदार बनाए रखता है।

OnePlus 15

डिस्प्ले को देखें, तो इसमें 6.78-इंच की 1.5K LTPO OLED डिस्प्ले दी गई है, जो 165Hz रिफ्रेश रेट, 1800 निट्स पीक ब्राइटनेस और HDR10+ को सपोर्ट करता है। डिस्प्ले टीयूवी Rheinland Intelligent Eye Care 5.0 सर्टिफाइड है, जो लंबे इस्तेमाल के दौरान आंखों की थकान को कम करता है।

प्रोसेसिंग के लिए फोन में Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट दिया गया है, जो 3nm फेब्रिकेशन पर आधारित है और 4.6GHzतक की क्लॉक स्पीड के साथ आता है। इसमें OnePlus का नया Cryo-Velocity कूलिंग सिस्टम है, जो लंबे गेमिंग के दौरान भी फोन को ठंडा रखने के लिए डिजाइन किया गया है।

यह फोन Android 16 पर आधारित OxygenOS 16 के साथ आता है, जिसमें Google Gemini और OnePlus AI फीचर्स का पूरा सेट दिया गया है। इसमें AI Writer, AI Recorder, Plus Mind और AI Portrait Glow जैसे कई उपयोगी फीचर्स शामिल हैं, जो यूजर एक्सपीरियंस को और भी सहज बनाते हैं।

OnePlus 15

कैमरा की बात करें, तो OnePlus 15 में कंपनी ने बड़ा बदलाव किया है। फोन में ट्रिपल 50MP कैमरा सेटअप मिलता है, जिसमें 50MP मेन सेंसर OIS सपोर्ट के साथ, 50MP अल्ट्रा-वाइड लेंस और 50MP पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस, जो 3.5x ऑप्टिकल और 7x लॉसलेस जूम को सपोर्ट करता है। इसमें OnePlus की नई DetailMax Engine तकनीक दी गई है। यह फोन 4K 120fps Dolby Vision वीडियो रिकॉर्डिंग और LOG मोड सपोर्ट करता है, जिससे प्रोफेशनल क्वालिटी वीडियोज शूट किए जा सकते हैं। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 32MP फ्रंट कैमरा सपोर्ट है। पावर के लिए OnePlus 15 में 7300mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 120W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग और 50W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि यह फोन सिर्फ 39 मिनट में 0 से 100 प्रतिशत तक चार्ज हो जाता है।

अब सवाल यह है कि OnePlus 15 iPhone 17 और Samsung Galaxy S25 को कैसे टक्कर देगा? OnePlus 15 में Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिप, 16GB रैम और 7300mAh की बैटरी के साथ 120W चार्जिंग दी गई है, जो इसे पावरफुल और लंबे बैकअप वाला फोन बनाती है। वहीं, iPhone 17 अपने A19 Bionic चिप और Super Retina XDR OLED डिस्प्ले के साथ शानदार परफॉर्मेंस और प्रीमियम अनुभव देता है। जबकि Samsung Galaxy S25 अपने Dynamic AMOLED 2X डिस्प्ले, ट्रिपल कैमरा सेटअप और Qualcomm Snapdragon 8 Elite के साथ बैलेंस्ड फ्लैगशिप साबित होता है। कीमत की बात करें, तो OnePlus 15 की शुरुआती कीमत 72,999 रुपये है, वहीं iPhone 17 की कीमत 82,900 रुपये और Galaxy S25 की 80,999 रुपये है।

कुल मिलाकर, OnePlus 15 उन लोगों के लिए बढ़िया ऑप्शन है, जो हाई परफॉर्मेंस, बेहतरीन कैमरा और लंबी बैटरी लाइफ वाला फोन चाहते हैं और वह भी बाकी फ्लैगशिप फोन्स से कम कीमत पर।