
OnePlus ने आखिरकार अपना नया फ्लैगशिप वनप्लस 15 (OnePlus 15) भारत में लॉन्च कर दिया है और इसकी एंट्री के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि पिछले साल के प्रीमियम फ्लैगशिप OnePlus 13 से कितना बेहतर है? कंपनी हर जनरेशन में कुछ नया लाती है, लेकिन इस बार OnePlus 15 में इतने बड़े बदलाव किए गए हैं कि इसे सिर्फ एक अपग्रेड नहीं, बल्कि पूरी तरह रीफ्रेश्ड फ्लैगशिप कहा जा सकता है। OnePlus 15 में नया डिजाइन, मजबूत बिल्ड, नए कैमरा सेंसर और सबसे पावरफुल Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट जैसे फीचर्स हैं। इतना ही नहीं, कंपनी ने बैटरी और चार्जिंग में भी बड़ा उछाल दिया है। अब आपको 7300mAh की बड़ी बैटरी और 120W सुपर फास्ट चार्जिंग मिलती है। वहीं दूसरी ओर OnePlus 13 अभी भी QHD+ डिस्प्ले, प्रीमियम कैमरा सेंसर और दमदार परफॉर्मेंस की वजह से पावरफुल फोन है। दोनों ही फ्लैगशिप मॉडल्स की अपनी अलग-अलग खूबियां हैं, लेकिन फर्क इस बात का है कि आपके लिए कौन-सा फोन ज्यादा वैल्यू देता है? आइए जानते हैं OnePlus 15 और OnePlus 13 में आखिर क्या है बड़ा फर्क?

डिजाइन और बिल्ड
वनप्लस 15 में सबसे बड़ा बदलाव इसके डिजाइन में देखने को मिलता है। इस बार कंपनी ने कैमरा मॉड्यूल को पूरी तरह बदल दिया है। OnePlus 13 में राउंड कैमरा मॉड्यूल था, लेकिन OnePlus 15 में कैमरे एक नए स्क्वायर जैसे मॉड्यूल में दिए गए हैं, जो फोन को एक अलग और मॉडर्न लुक देता है। फोन के किनारे (एज) भी अब फ्लैट कर दिए गए हैं, जबकि OnePlus 13 में ये कर्व्ड थे। फोन का फ्रेम मेटल का है और आगे Gorilla Glass Victus 2 और पीछे GG 7i का प्रोटेक्शन मिलता है, जिससे गिरने और स्क्रैच से सुरक्षा बेहतर हो जाती है। OnePlus 15 तीन कलर में आता है और खास बात यह है कि तीनों के बैक फिनिश अलग-अलग हैं। इसमें आपको Sand Storm, Infinite Black और Ultra Violet है। OnePlus 13 की तरह OnePlus 15 में कोई eco-leather वर्जन नहीं है, लेकिन यह अपने पिछले मॉडल से लगभग 1–3 ग्राम हल्का जरूर है। सबसे बड़ी बात यह है कि OnePlus 15 को IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग मिली है यानी यह धूल और पानी से OnePlus 13 की तुलना में बहुत ज्यादा सुरक्षित है। इसे मुश्किल परिस्थितियों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
डिस्प्ले
वनप्लस 15 में 6.78 इंच का LTPO AMOLED डिस्प्ले है, जिसका रिजॉल्यूशन FHD+ (2772 × 1272) है। गेमिंग के दौरान यह 165Hz रिफ्रेश रेट तक जाता है, जिससे स्क्रीन पर मूवमेंट बेहद स्मूथ दिखते हैं। इसकी पीक ब्राइटनेस 1800 निट्स है। वहीं OnePlus 13 में थोड़ा बड़ा 6.82 इंच का LTPO 4.1 AMOLED डिस्प्ले है, जिसका रिजॉल्यूशन QHD+ (3168 × 1440) है। यह ज्यादा शार्प और साफ दिखता है, क्योंकि इसका रिजॉल्यूशन ज्यादा है। इसकी पीक ब्राइटनेस 1600 निट्स है। आपको बता दें कि दोनों फोनों में HDR10+, HDR Vivid और Dolby Vision सपोर्ट मिलता है। OnePlus 15 में Victus 2 गोरिल्ला ग्लास है, जबकि OnePlus 13 में Ceramic Guard गोरिल्ला ग्लास मिलता है। कुल मिलाकर, OnePlus 13 की स्क्रीन ज्यादा शार्प है, मगर OnePlus 15 गेमिंग और स्मूथ एक्सपीरियंस में आगे है
परफॉर्मेंस
वनप्लस 15 में नया Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट है, जो पहले से ज्यादा तेज, ज्यादा पावर-एफिशिएंट और AI फीचर्स के लिए बेहतर है। इसकी CPU स्पीड 4.6GHz तक जाती है। इसे 12GB LPDDR5X Ultra या 16GB LPDDR5X Ultra+ RAM और 512GB UFS 4.1 तक स्टोरेज के साथ जोड़ा गया है, जिससे ऐप्स और फाइलें काफी तेजी से खुलती हैं। वहीं OnePlus 13 में कंपनी ने Snapdragon 8 Elite Gen 3 चिपसेट का उपयोग किया था, जो अब पुरानी जनरेशन है, लेकिन फिर भी अपनी कैटेगरी में काफी पावरफुल है। स्टोरेज UFS 4.0 है, जो OnePlus 15 के मुकाबले थोड़ा धीमा है। अब दोनों फोन में OxygenOS 16 है, जिसमें AI फीचर्स जैसे Plus Mind भी शामिल हैं। OnePlus 15 परफॉर्मेंस, स्पीड और AI एक्सपीरियंस में OnePlus 13 से काफी आगे है।

कैमरा
OnePlus 15 में तीन 50MP सेंसर मिलते हैं, एक नया Sony IMX906 प्राइमरी कैमरा, एक 50MP 3.5x टेलीफोटो लेंस और 50MP अल्ट्रावाइड सेंसर। वहीं OnePlus 13 में भी ट्रिपल 50MP सेटअप है, लेकिन इसका मेन सेंसर Sony LYT-808 है, जो लो-लाइट में बेहतर माना जाता था। OnePlus 13 अल्ट्रावाइड में 120 डिग्री FOV देता है जबकि OnePlus 15 में 116 डिग्री FOV मिलता है। वीडियो रिकॉर्डिंग दोनों में 8K 30fps तक है, लेकिन OnePlus 15 में मल्टी-व्यू वीडियो और बेहतर ऑटोफोकस जैसे नए फीचर्स जोड़े गए हैं। फ्रंट कैमरा दोनों में 32MP है, लेकिन OnePlus 15 नया IMX709 सेंसर उपयोग करता है और ऑटोफोकस सपोर्ट भी मिल जाता है।
बैटरी और चार्जिंग
वनप्लस 15 बैटरी में सबसे बड़ा अपग्रेड लेकर आता है। इसमें 7300mAh की पावरफुल बैटरी है, जबकि OnePlus 13 में 6000mAh की बैटरी मिलती थी। OnePlus 15 में 120W वायर्ड चार्जिंग है और OnePlus 13 में 100W। दोनों 50W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करते हैं। बड़े बैटरी अपग्रेड की वजह से OnePlus 15 दो दिन तक चल सकता है, जबकि OnePlus 13 एक दिन से थोड़ा ज्यादा निकालता था।
कीमत
भारत में OnePlus 15 के 12 GB + 256 GB वैरियंट को 72,999 रुपये में लॉन्च किया गया है, वहीं 16 GB + 512 GB वैरियंट की कीमत ₹79,999 है। वहीं पुराने मॉडल OnePlus 13 के 12 GB + 256 GB वैरियंट की कीमत अभी अमेजन पर 65,999 रुपये है। इस तरह देखा जाए, तो OnePlus 15 अपने पूर्ववर्ती OnePlus 13 से कीमत में लगभग ₹7,000 तक महंगा है, लेकिन इसके बदले में आपको बड़े बैटरी, तेज चार्जिंग, नया प्रोसेसर और बेहतर गेमिंग डिस्प्ले मिलता है।
OnePlus 15 को कंपनी ने ऐसे बनाया है कि यह OnePlus 13 की हर कमी को सुधारकर एक ज्यादा बैलेंस्ड और पावरफुल फ्लैगशिप बने। नया चिपसेट, बड़ी बैटरी, तेज चार्जिंग और बेहतर टेलीफोटो कैमरा इसे और मजबूत बनाते हैं। हालांकि OnePlus 13 अब भी शानदार डिस्प्ले (QHD+) और बेहतर मेन कैमरा सेंसर की वजह से एक दमदार फोन है। अगर आप OnePlus 12 या उससे पुराने फोन से आ रहे हैं, तो OnePlus 15 एक बड़ा और बेहतर अपग्रेड है। वहीं अगर आप OnePlus 13 यूजर हैं, तो बदलाव छोटे लेकिन रोजमर्रा की लाइफ में उपयोगी साबित हो सकते हैं। OnePlus 15 की कीमत ₹72,999 से शुरू होती है और यह महंगा जरूर है, लेकिन फीचर्स के हिसाब से इसका प्राइस जस्टिफाइड लगता है। तेज गेमिंग, स्मूथ परफॉर्मेंस, लंबी बैटरी लाइफ और नया डिजाइन इसे एक पूरा फ्लैगशिप बनाते हैं।


