
दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में हवा की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है और AQI कई इलाकों में 450 से ऊपर पहुंच चुका है। केवल आउटडोर ही नहीं, बल्कि इनडोर यानी घर के अंदर की हवा की स्थिति भी सही नहीं है। आमतौर पर घर के अंदर की हवा जितनी साफ दिखती है, उतनी होती नहीं है। अक्सर हम ध्यान ही नहीं देते कि किचन का धुआं, धूल, पालतू जानवरों के बाल, पेंट की गंध या बाहर की प्रदूषित हवा मिलकर घर के भीतर की एयर क्वालिटी को खराब कर सकती है। ऐसे में बीमारियां, एलर्जी और सांस लेने से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं। अगर आप एयर प्यूरीफायर (air purifier) खरीदने की सोच रहे हैं, तो उससे पहले घर की एयर क्वालिटी चेक करना बेहद जरूरी है, ताकि आपको पता चल सके कि आपको किस तरह का और कितनी क्षमता वाला एयर प्यूरीफायर चाहिए। इसलिए एयर प्यूरीफायर खरीदने से पहले यह समझना बेहद जरूरी है कि आपके घर की एयर क्वालिटी कैसी है और कौन-सा प्यूरीफायर आपके लिए सही रहेगा।
घर की एयर क्वालिटी कैसे चेक करें
एयर प्यूरीफायर खरीदने से पहले घर के अंदर की हवा की क्वालिटी को चेक करना जरूरी है और इसके लिए आप एयर क्वालिटी मॉनिटर डिवाइस का उपयोग कर सकते हैं। ये छोटे डिवाइस होते हैं, जो PM2.5, PM10, CO2, ह्यूमिडिटी और टेम्परेचर जैसे पैरामीटर मापते हैं। ये आपको रियल-टाइम डाटा देते हैं, जिससे तुरंत पता चल जाता है कि हवा साफ है या नहीं। अच्छी बात यह है कि ये डिवाइस बहुत महंगे नहीं हैं। IKEA VINDRIKTNING 1400 रुपये से कम में आता है, जो PM2.5 दिखाता है और लाइट के जरिए पॉल्युशन की स्थिति बताती है। इसके अलावा, Xiaomi Smart Air Quality Monitor, Qingping Air Monitor Lite, Temtop LKC-1000S+ जैसे डिवाइस भी हैं, जिससे इनडोर एयर की क्वालिटी चेक की जा सकती है। इसके अलावा, कई स्मार्ट एयर प्यूरीफायर में भी बिल्ट-इन सेंसर होते हैं, जो ऐप पर एयर क्वालिटी दिखाते हैं। अगर आपके पास मॉनिटर नहीं है, तो आप अपने शहर के AQI को देखकर भी अंदाजा लगा सकते हैं कि आपके घर की हवा पर कितना असर पड़ सकता है। घर में बदबू, धुआं, धूल जमना या सांस में भारीपन भी खराब इनडोर एयर के संकेत होते हैं।

प्यूरीफायर खरीदने से पहले ध्यान रखें ये बातें
दिल्ली-एनसीआर ही नहीं, बल्कि महानगरों में हवा लगातार बदलती रहती है, इसलिए एयर प्यूरीफायर का काम सिर्फ हवा को साफ करना नहीं, बल्कि आपको सुरक्षित रखना है। इसलिए सही CADR, True HEPA फिल्टर, स्मार्ट मॉनिटरिंग और सही प्लेसमेंट के साथ चुना गया प्यूरीफायर लंबे समय तक आपकी सेहत की रक्षा करता है। जल्दबाजी में किया गया फैसला आपके पैसे भी बर्बाद कर सकता है और हवा भी साफ नहीं कर पाएगा। आइए जानते हैं एयर प्यूरीफायर खरीदने से पहले किन बातों पर ध्यान देंः
कमरे के आकार को नजरअंदाज न करें: एयर प्यूरीफायर खरीदते समय सबसे आम गलती कमरे के आकार को नजरअंदाज करना है। कई लोग छोटे कमरे के लिए कम क्षमता वाले प्यूरीफायर खरीद लेते हैं, जिससे वह हवा को पूरी तरह साफ नहीं कर पाता है। वहीं बड़े कमरों के लिए छोटे मॉडल बेअसर साबित होते हैं और लगातार चलने पर भी हवा को पूरी तरह साफ नहीं कर पाते हैं। दूसरी ओर, कमरे से कहीं ज्यादा क्षमता वाले प्यूरीफायर बिजली की ज्यादा खपत करते हैं और अनावश्यक खर्च बढ़ा देते हैं। इसलिए Delhi-NCR जैसी जगहों में जहां प्रदूषण बेहद तेजी से बढ़ता है, कमरे के वास्तविक आकार से थोड़ा अधिक कवरेज वाले मॉडल का चयन करना ज्यादा प्रभावी रहता है। इससे हवा तेजी से साफ होती है और कमरे में प्रदूषकों का स्तर जल्दी गिरता है।
HEPA-जैसे मार्केटिंग दावों में न फंसें: आजकल मार्केट में कई ब्रांड HEPA-type, HEPA-like या HEPA-style जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं ताकि ग्राहकों को आकर्षित किया जा सके। ये शब्द सुनने में तो अच्छे लगते हैं, लेकिन वास्तव में ये True HEPA फिल्टर नहीं होते हैं। दिल्ली की जहरीली हवा में मौजूद PM2.5 कण इतने छोटे होते हैं कि इन्हें साफ करने के लिए केवल True HEPA (H13 या H14) फिल्टर ही असरदार साबित होते हैं। असली HEPA फिल्टर 0.3 माइक्रॉन आकार तक के 99.97% कणों को हटाने की क्षमता रखते हैं। इसलिए चाहे कीमत थोड़ी अधिक क्यों न हो, हमेशा सर्टिफाइड True HEPA फिल्टर ही चुनें, क्योंकि यही आपकी सेहत की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।
CADR रेटिंग की अनदेखी न करें: कई खरीदार एयर प्यूरीफायर को केवल ब्रांड, डिजाइन या स्मार्ट फीचर्स देखकर खरीद लेते हैं, जबकि असली परफॉर्मेंस CADR यानी Clean Air Delivery Rate पर निर्भर करता है। CADR जितना ज्यादा होता है, प्यूरीफायर उतनी तेजी से हवा को साफ करता है, खासतौर पर उस समय जब हवा में प्रदूषण अचानक बढ़ जाता है। Delhi जैसे शहरों में जहां हवा मिनटों में खराब हो सकती है, कम-से-कम 200 m³/hour CADR वाला मॉडल मध्यम आकार के कमरे के लिए जरूरी माना जाता है। अगर CADR कम होगा, तो प्यूरीफायर देर तक चलता रहेगा, लेकिन हवा को पर्याप्त स्तर तक साफ नहीं कर पाएगा, जिससे प्रभाव कम हो जाती है।
लॉन्ग-टर्म मेंटिनेंस पर विचार करें: अक्सर लोग एयर प्यूरीफायर खरीदते वक्त सिर्फ MRP देखते हैं और सोचते हैं कि उन्होंने एक सस्ता और अच्छा विकल्प ले लिया है, लेकिन एयर प्यूरीफायर की असली लागत उसके बाद शुरू होती है। फिल्टर बदलने का खर्च, बिजली की खपत और नियमित सफाई ये सब मिलकर शुरुआती कीमत से कहीं ज्यादा प्रभाव डालते हैं। खासतौर पर दिल्ली में, जहां प्रदूषण के स्तर के अनुसार अक्सर 3–6 महीने में फिल्टर बदलना पड़ जाता है, वहां फिल्टर की कीमत और उपलब्धता बहुत मायने रखती है। इसलिए कुल लागत की गणना कम से कम दो साल के आधार पर करनी चाहिए और यह समझना चाहिए कि सस्ता दिखने वाला मॉडल लंबे समय में कहीं महंगा तो नहीं साबित होगा।
प्यूरीफायर को सही जगह पर रखना जरूरी: एयर प्यूरीफायर खरीदना ही काफी नहीं, उसे सही जगह रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। कई लोग इसे कमरे के कोने में, पर्दों के पीछे या फर्नीचर के पास रख देते हैं, जिससे मशीन की हवा खींचने और छोड़ने की क्षमता कमजोर हो जाती है। सही एयर फ्लो के बिना कोई भी प्यूरीफायर अपनी क्षमता के अनुसार काम नहीं करता है। इसे दीवार से कम से कम दो फीट दूर और ऐसी जगह रखा जाना चाहिए जहां हवा का प्रवाह बना रहे। यदि कमरे में AC चलता है, तो प्यूरीफायर को AC वेंट के पास लेकिन उसके ठीक नीचे नहीं रखना चाहिए, ताकि ठंडी हवा का सीधा प्रेशर मशीन के सेंसर पर असर न करे और हवा का फैलाव अधिक प्रभावी रहे।
शोर के लेवल की उपेक्षा न करें: Delhi-NCR जैसी जगहों में एयर प्यूरीफायर सिर्फ कुछ घंटों के लिए नहीं, बल्कि दिन-रात चलाने पड़ते हैं। ऐसे में नॉइज का लेवल बहुत मायने रखता है। यदि मशीन अधिक शोर करती है, तो यह आपकी नींद और दैनिक आराम पर असर डाल सकती है। इसलिए खरीदने से पहले यह देखना जरूरी है कि प्यूरीफायर नॉर्मल सेटिंग पर 50 dB से कम शोर करता हो और उसमें नाइट मोड मौजूद हो, जो शोर को काफी हद तक कम कर देता है। कई बार लोग आवाज को नजरअंदाज कर लेते हैं और बाद में परेशान होते हैं, इसलिए इस पर भी ध्यान देना आवश्यक है।
गलत फिल्ट्रेशन सिस्टम चुनने से बचें: प्रदूषित हवा केवल PM2.5 से भरी नहीं होती है, बल्कि इसमें PM10, धुआं, बदबू, गैसें, VOCs और एलर्जी पैदा करने वाले तत्व भी मौजूद रहते हैं। एक ही फिल्टर वाले प्यूरीफायर इतनी जटिल प्रदूषण को साफ नहीं कर पाते हैं। इसलिए एक प्रभावी एयर प्यूरीफायर में कम से कम तीन-स्तरीय फिल्ट्रेशन होना चाहिए–प्री-फिल्टर बड़े कणों को रोकता है, True HEPA सूक्ष्म प्रदूषकों को हटाता है और Activated Carbon फिल्टर गैसों और गंध को अवशोषित करता है। कुछ प्रीमियम मॉडल एंटी-बैक्टीरियल या UV तकनीक भी देते हैं, जो स्मॉग के मौसम में अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान कर सकते हैं।
एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग को देखें: कई मॉडल सस्ते दिखते हैं, लेकिन उनमें PM2.5 सेंसर या AQI इंडिकेटर जैसा आवश्यक फीचर नहीं होता है। बिना रियल-टाइम मॉनिटरिंग के आपको यह पता ही नहीं चलता है कि हवा वास्तव में साफ हुई या नहीं। इसलिए एयर प्यूरीफायर में PM2.5 डिस्प्ले, एयर क्वालिटी इंडिकेटर और ऑटो-मोड होना जरूरी है। स्मार्ट ऐप कनेक्टिविटी भी मददगार साबित हो सकती है, खासकर तब जब आप बाहर हों और घर की हवा पर नजर रखना चाहें।
सिर्फ कीमत देखकर न खरीदें : सबसे सस्ती चीज खरीद लेना या यह मान लेना कि महंगा मॉडल ही सबसे अच्छा है। दोनों ही गलत सोच हैं। दिल्ली-NCR की हवा की जरूरतें अलग होती हैं और यहां किसी मॉडल की गुणवत्ता इस बात पर निर्भर करती है कि वह कितनी तेजी और कितनी प्रभावी ढंग से हवा साफ कर सकता है। इसलिए खरीदने से पहले बजट जरूर तय करें, लेकिन फीचर्स, फिल्टर की गुणवत्ता, सर्विस नेटवर्क और असली यूजर रिव्यू पर अधिक ध्यान दें।

एयर प्यूरीफायर से जुड़े जरूरी तकनीकी शब्द
जब भी आप घर की एयर क्वालिटी सुधारने या एयर प्यूरीफायर खरीदने की सोचते हैं, तो आपके सामने कई तकनीकी शब्द आते हैं। ये शुरुआत में थोड़ा मुश्किल लग सकते हैं, लेकिन इन्हें समझ लेना जरूरी है, क्योंकि इसी के आधार पर आप सही एयर प्यूरीफायर चुन पाएंगे।
AQI (Air Quality Index): AQI का मतलब एयर क्वालिटी इंडेक्स है यानी हवा में कितनी प्रदूषण मौजूद है। इसका स्कोर जितना ज्यादा होगा, हवा उतनी ही खराब मानी जाती है। उदाहरण के लिए, 0–50 तक AQI अच्छा माना जाता है, लेकिन 300 से ऊपर बहुत खतरनाक श्रेणी में आता है। घर के अंदर भी AQI खराब हो सकता है, इसलिए इसे मॉनिटर करना जरूरी है।
PM2.5: PM2.5 ऐसे सूक्ष्म कण होते हैं जिनका आकार 2.5 माइक्रोन से भी छोटा होता है। ये इतने छोटे होते हैं कि आसानी से हमारी सांस के साथ फेफड़ों में जा सकते हैं और खून तक पहुंचकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकते हैं। इनका बढ़ना अक्सर स्मॉग, धूल, धुआं और वाहनों के प्रदूषण से होता है।
PM10: यह उन कणों का समूह है जिनका आकार 10 माइक्रोन से छोटा होता है, इसमें PM2.5 भी शामिल है। ये बड़े कण होते हैं, लेकिन ये भी सांस से शरीर में प्रवेश कर सकते हैं। PM10 का स्तर खासकर धूल और मिट्टी के कारण बढ़ता है, इसलिए घर की सफाई और एयर फिल्टरिंग महत्वपूर्ण है।
VOCs (Volatile Organic Compounds): यह ऐसे हानिकारक गैस होते हैं, जो हमारे घर में ही कई चीजों से निकलते हैं, जैसे- पेंट, परफ्यूम, क्लीनिंग केमिकल्स, नई फर्नीचर और गोंद। ये गैसें आंखों में जलन, सिरदर्द, चक्कर और लंबे समय में स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल सकती हैं। इसलिए VOC को फिल्टर करने वाला एयर प्यूरीफायर जरूरी होता है।
CADR (Clean Air Delivery Rate): यह बताता है कि एयर प्यूरीफायर एक घंटे में कितनी हवा को साफ कर सकता है। CADR जितना ज्यादा होगा, प्यूरीफायर उतनी जल्दी और बेहतर तरीके से कमरे की हवा साफ करेगा। अगर आपका कमरा बड़ा है, तो हाई CADR वाला मॉडल चुनना जरूरी है।
HEPA Filter: HEPA यानी High-Efficiency Particulate Air फिल्टर। यह सबसे जरूरी और भरोसेमंद फिल्टर माना जाता है। HEPA फिल्टर 99% तक धूल, स्मॉग, पोलन, एलर्जेंस और फाइन पार्टिकल्स को पकड़ सकता है। PM2.5 को कम करने में HEPA फिल्टर बेहद कारगर होता है।
MERV Rating: MERV यानी Minimum Efficiency Reporting Value। यह बताता है कि कोई फिल्टर कितने छोटे कणों को पकड़ सकता है। इसका स्कोर जितना बड़ा होगा, फिल्टर उतना बेहतर काम करेगा। हालांकि घरेलू एयर प्यूरीफायर के लिए MERV स्कोर हमेशा जरूरी नहीं होता, लेकिन जानना फायदेमंद है।
ACH (Air Changes Per Hour): यह बताता है कि कमरे की हवा एक घंटे में कितनी बार पूरी तरह बदली जाती है। उदाहरण के लिए, ACH 5 का मतलब है कि हवा हर एक घंटे में 5 बार बदलती है। छोटे कमरे और ज्यादा प्रदूषित इलाकों में बेहतर ACH की जरूरत होती है। यह फीचर कमरे के आकार के हिसाब से सही मॉडल चुनने में मदद करता है।
देखा जाए, तो दिल्ली की हवा लगातार खतरनाक स्तर पर पहुंच रही है और ऐसे हालात में एयर प्यूरीफायर हेल्थ में निवेश की तरह है। इसलिए इसे समझदारी के साथ चुनें। सही मॉडल तभी काम करेगा जब आप उसका सही उपयोग, नियमित मेंटिनेंस और कमरे को सही तरह सीलिंग के साथ मिलाकर इस्तेमाल करें। जल्दबाजी में लिया गया फैसला अक्सर निराश करता है, इसलिए रिसर्च करें, तुलना करें और अपनी जरूरत के हिसाब से सही मॉडल चुनें ताकि आप और आपका परिवार जहरीली हवा से सुरक्षित रह सके।


