
Redmi ने भारत में अपना नया बजट 5G स्मार्टफोन Redmi 15C 5G लॉन्च कर दिया है। यह फोन उन यूजर्स को ध्यान में रखकर बनाया गया है, जो बड़ी स्क्रीन, मजबूत बैटरी लाइफ और स्मूद परफॉर्मेंस चाहते हैं, वह भी कम कीमत में। फोन में 6.9 इंच की बड़ी डिस्प्ले, 120Hz रिफ्रेश रेट, MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट और 6,000mAh की बैटरी दी गई है, जो इस फोन को अपने सेगमेंट में खास बनाते हैं। कंपनी का दावा है कि यह फोन भारी मीडिया कंजम्पशन वाले यूजर्स जैसे रील्स, यूट्यूब शॉर्ट्स, गेमिंग और लंबे इंटरनेट उपयोग के लिए एक परफेक्ट विकल्प है।
भारत में Redmi 15C 5G की कीमत की बात करें, तो कंपनी ने फोन को तीन मॉडल में उतारा है। इसका शुरुआती मॉडल 4GB रैम और 128GB स्टोरेज के साथ आता है, जिसकी कीमत 12,499 रुपये है। इसके बाद 6GB रैम वाला मॉडल 13,999 रुपये में मिलेगा। सबसे ऊपर वाला 8GB रैम और 128GB स्टोरेज मॉडल 15,499 रुपये में उपलब्ध होगा। कंपनी के अनुसार, Redmi 15C 5G तीन कलर ऑप्शंस मिडनाइट ब्लैक, मूनलाइट ब्लू और डस्क पर्पल में बिक्री के लिए उपलब्ध है। फोन की बिक्री 11 दिसंबर से अमेजन, Mi.com और Redmi के अधिकृत स्टोर पर शुरू होगी।

फोन के फीचर और स्पेसिफिकेशंस की बात करें, तो Redmi 15C 5G में 6.9 इंच का बड़ा एचडी+ स्क्रीन दिया गया है, जो 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट के साथ आता है। यह स्क्रीन स्मूद एक्सपीरियंस देने के लिए बनाई गई है। साथ ही इसे आंखों की सुरक्षा के लिए टीयूवी राइनलैंड का सर्टिफिकेशन भी मिला है, जिससे लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर आंखों पर ज्यादा जोर नहीं पड़ता है। फोन में मीडियाटेक डाइमेंसिटी 6300 चिप दी गई है, जो रोजमर्रा के कामों के ऐप्स को भी आसानी से चलाने में मदद कर सकते हैं। इसमें एंड्रॉयड 15 पर आधारित हाइपरOS 2 मिलता है, जिसे 2 साल तक सिस्टम अपडेट और 4 साल तक सुरक्षा अपडेट मिलेंगे।
कैमरा सेटअप की बात करें, तो इसके पीछे 50 मेगापिक्सल का डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है, वहीं सामने की तरफ 8 मेगापिक्सल का कैमरा रखा गया है। फोन में 6,000mAh की बड़ी सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है, इसके साथ आपको डिब्बे में ही 33 वॉट का तेज चार्जर मिलता है। खास बात यह है कि फोन 10 वॉट की रिवर्स चार्जिंग भी करता है, जिससे आप दूसरे फोन या छोटे डिवाइस चार्ज कर सकते हैं। इसके अलावा, इसमें गूगल के जेमिनी आधारित एआई फीचर भी मिलते हैं, जिनमें ‘सर्कल टू सर्च’ जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जो सर्च को काफी आसान बनाती हैं।
कंपनी का कहना है कि Redmi 15C 5G का डायमेंशन 171.56 x 79.47 x 8.05mm है और इसका वजन 211 ग्राम है। फोन में 3.5mm हेडफोन जैक, साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर, IR ब्लास्टर, एंबियंट लाइट सेंसर, ई-कंपास और एक्सीलरोमीटर दिया गया है। यह डिवाइस IP64 रेटिंग के साथ आता है, जो इसे धूल और पानी से सुरक्षा प्रदान करता है। Redmi 15C 5G में कनेक्टिविटी फीचर्स के तौर पर 5G, 4G, Wi-Fi, Bluetooth 5.4, GPS और USB Type-C पोर्ट का सपोर्ट मिलता है।


