
गूगल ने Android 16 QPR2 यानी क्वार्टरली प्लेटफॉर्म रिलीज 2 का अपडेट चुनिंदा Google Pixel फोनों के लिए जारी कर दिया है। यह अपडेट Pixel 6 सीरीज से लेकर नए Pixel 10 Pro Fold तक के मॉडल के लिए उपलब्ध है। इस नए अपडेट में कई एआई आधारित फीचर, बेहतर कस्टमाइजेशन और पैरेंटल कंट्रोल जैसे नए टूल जोड़े गए हैं, जिन्हें अब सीधे फोन की सेटिंग्स में इस्तेमाल किया जा सकेगा। इस अपडेट के बाद Pixel फोन यूजर्स को अपने मैसेज और ग्रुप चैट के लिए एआई द्वारा तैयार किए गए छोटे-छोटे नोटिफिकेशन समरी मिलने लगेंगे।
इसके साथ ही Google ने एक नया नोटिफिकेशन ऑर्गेनाइजर भी दिया है, जो कम जरूरी अलर्ट को अलग तरीके से दिखाएगा ताकि आपका नोटिफिकेशन पैनल साफ-सुथरा रहे। कस्टमाइजेशन के विकल्प भी अब पहले से ज्यादा मिलेंगे। यूजर अपने होम स्क्रीन पर मौजूद कई ऐप आइकनों की थीम बदल सकेंगे, जिससे फोन का लुक और भी व्यक्तिगत और आकर्षक बनेगा। इस रिलीज में दिसंबर 2025 का नया सिक्योरिटी पैच भी शामिल है, जो फोन की सुरक्षा को और मजबूत बनाता है। आइए जानते हैं Android 16 QPR2 में आपको क्या नया मिलने वाला है।
![]()
किन पिक्सल मॉडलों को मिला अपडेट
गूगल ने बताया कि यह नया Android 16 QPR2 अपडेट Pixel 6, Pixel 6 Pro, Pixel 6a, Pixel 7, Pixel 7 Pro, Pixel 7a, Pixel Tablet, Pixel Fold, Pixel 8, Pixel 8 Pro, Pixel 8a, Pixel 9, Pixel 9 Pro, Pixel 9 Pro XL, Pixel 9 Pro Fold, Pixel 10, Pixel 10 Pro, Pixel 10 Pro XL और Pixel 10 Pro Fold फोन के लिए उपलब्ध है। जिनके फोनों में अपडेट नहीं आया है, वे सेटिंग में जाकर मैनुअली चेक (Settings > System > System update) कर सकते हैं।
लॉकस्क्रीन विजेट्स का नया तरीका
इस अपडेट में लॉकस्क्रीन पर नए विजेट्स सबसे ध्यान खींचने वाले फीचरों में से एक हैं। स्क्रीन को बायीं ओर स्वाइप करने पर अलग से विजेट फीड दिखने लगता है। घड़ी पर टैप करने से उसकी मोटाई बढ़ जाती है और स्क्रॉल करते समय हल्का कंपन महसूस होता है। सेटिंग में जाकर डिस्प्ले एंड टच, फिर लॉकस्क्रीन और उसके बाद विजेट्स वाले विकल्प (Settings > Display & touch > Lock screen > Widgets on lock screen) से इस फीचर को चालू किया जा सकता है। गूगल के मुताबिक, लॉकस्क्रीन पर विजेट कोई भी देख सकता है, लेकिन उसके अंदर की ऐप खोलने के लिए फोन का लॉक खोलना जरूरी रहेगा। आप लॉकस्क्रीन पर लंबा प्रेस करके विजेट्स बदल सकते हैं, उनका आकार तय कर सकते हैं या फिर नए विजेट जोड़ सकते हैं।
नोटिफिकेशन और आइकन का नया लेआउट
Android 16 QPR2 में एक नया नोटिफिकेशन जोड़ा गया है, जो कम जरूरी अलर्ट, जैसे -खबरें, प्रमोशन और सोशल मीडिया के हल्के नोटिफिकेशन को नीचे अलग से ग्रुप में रखता है। कम किए गए नोटिफिकेशन अब एक साथ छोटे आइकनों के रूप में दिखाई देंगे। इसके साथ ही यूजर्स अब अपने फोन की स्क्रीन पर आइकनों के अलग-अलग आकार भी चुन सकते हैं। गोल, चौकोर और अन्य नए आकार स्क्रीन को अलग लुक देते हैं। यह बदलाव सिर्फ होमस्क्रीन पर लागू होता है और यह थीम आइकन्स के साथ और बेहतर दिखता है।
ऐप मेन्यू और सर्च बार का नया रूपकिसी ऐप आइकन को दबाकर रखने पर अब नए रिमूव और ‘प्लस’ बटन दिखते हैं, जिससे ऐप शॉर्टकट को स्क्रीन पर कहीं भी जोड़ना आसान हो जाता है। पिक्सल लॉन्चर की सर्च बार में भी हल्का बदलाव किया गया है, जिसमें वॉयस कमांड, लेंस और एआई मोड के आइकन पहले से थोड़े बड़े और ज्यादा साफ दिखते हैं। स्क्रीन का डायनेमिक कलर अब थोड़ा ज्यादा जीवंत नजर आता है।
लाइव कैप्शन और ईजी एक्सेस
अब लाइव कैप्शन सीधे वॉल्यूम स्लाइडर के नीचे दिखता है। पहले इसे खोलने के लिए पूरा पैनल खोलना पड़ता था। अगर आप चाहें तो सेटिंग में जाकर इस विकल्प को छिपा भी सकते हैं।
सेटिंग ऐप का नया डिजाइन
गूगल ने सेटिंग ऐप में भी नए बदलाव किए हैं। नोटिफिकेशन हिस्ट्री वाला पेज अब पूरे आकार के ऐप आइकन और कार्ड जैसे लेआउट में दिखाता है। सिक्योरिटी और प्राइवेसी सेक्शन में भी बदलाव किए गए हैं ताकि फीचर आसानी से नजर आएं।

पैरेंटल कंट्रोल और डार्क थीम में सुधार
पैरेंटल कंट्रोल को अब डिजिटल वेलबीइंग से अलग कर दिया गया है। अब माता-पिता आसानी से बच्चों की स्क्रीन टाइम सीमा, ऐप उपयोग आदि जैसी चीजें सेट कर सकते हैं। डार्क थीम अब उन ऐप्स पर भी लागू होती है, जो अभी तक इस फीचर को सपोर्ट नहीं करते थे। इससे रात में फोन उपयोग करना आसान और आंखों पर कम असर डालने वाला हो जाता है।
एचडीआर ब्राइटनेस और हेल्थ कनेक्ट
डिस्प्ले सेटिंग में अब एक नया एचडीआर ब्राइटनेस विकल्प दिया गया है, जिसमें यूजर अपनी पसंद के अनुसार स्क्रीन का ब्राइटनेस कम या ज्यादा कर सकते हैं। हेल्थ कनेक्ट अब आपके फोन द्वारा गिने गए कदमों को खुद रिकॉर्ड कर सकता है, ताकि आपकी स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी एक जगह सेव रहती रहे।
अपडेट कैसे करें
अगर आपके पिक्सल फोन में अभी तक यह अपडेट नहीं आया है, तो सेटिंग में जाकर सिस्टम और फिर सिस्टम अपडेट में जाकर चेक कर सकते हैं। जिन यूजर्स के फोन में पहले से Android 16 QPR2 बीटा 3.3 था, उन्हें एक छोटा पैच मिलेगा जो फोन को स्टेबल वर्जन पर ले आएगा।
गूगल का एंड्रॉयड बीटा प्रोग्राम आगे भी नए फीचर्स और बदलावों का परीक्षण करता रहेगा। अगर आप बीटा वर्जन से स्टेबल वर्जन पर जाना चाहते हैं तो पहले बीटा प्रोग्राम से बाहर निकलना होगा, हालांकि आपका फोन स्टेबल अपडेट आने पर डिलीट नहीं होगा।


