Google Pay Flex क्रेडिट कार्ड लॉन्च, अब अकाउंट में पैसे न हों तब भी कर पाएंगे UPI से पेमेंट!

भारत में डिजिटल पेमेंट को और आसान बनाने के लिए Google Pay और Axis Bank ने मिलकर एक नया UPI-आधारित डिजिटल क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया है। इस कार्ड का नाम Google Pay Flex Axis Bank Credit Card है। खास बात यह है कि यह कार्ड पूरी तरह डिजिटल है और सीधे Google Pay ऐप में ही काम करता है यानी अब यूजर्स अपने रोजमर्रा के UPI पेमेंट्स क्रेडिट पर भी कर सकेंगे। यह कार्ड RuPay नेटवर्क पर आधारित है, जिससे इसे देशभर में मौजूद लाखों ऑनलाइन और ऑफलाइन दुकानों पर इस्तेमाल किया जा सकता है, ठीक वैसे ही जैसे सामान्य UPI पेमेंट किए जाते हैं।

क्या है Google Pay Flex क्रेडिट कार्ड? कैसे करेगा काम

गूगल प्ले फ्लेक्स (Google Pay Flex) दरअसल एक डिजिटल क्रेडिट सुविधा है, जिसे खासतौर पर उन यूजर्स के लिए बनाया गया है जो अभी तक क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल नहीं करते हैं। इस कार्ड को Google Pay ऐप के अंदर ही कुछ मिनटों में अप्लाई किया जा सकता है। इसके लिए किसी तरह का फिजिकल फॉर्म या डॉक्युमेंट जमा करने की जरूरत नहीं होती है। कार्ड अप्रूव होते ही यूजर तुरंत इसका इस्तेमाल शुरू कर सकता है। चूंकि यह मोबाइल में ही रहता है, इसलिए फिजिकल कार्ड साथ रखने की झंझट भी नहीं होगी है।

Flex By Google Pay

UPI जैसा आसान इस्तेमाल, लेकिन क्रेडिट की सुविधा

Google Pay Flex Axis Bank क्रेडिट कार्ड RuPay नेटवर्क पर काम करता है। इसका मतलब है कि जहां भी RuPay या UPI स्वीकार किया जाता है, वहां इस कार्ड से पेमेंट किया जा सकता है। यूजर QR कोड स्कैन करके या ऑनलाइन चेकआउट के दौरान क्रेडिट से पेमेंट कर पाएंगे। इस तरह Google और Axis Bank ने UPI की सुविधा और क्रेडिट कार्ड की ताकत को एक साथ जोड़ दिया है।

हर खर्च पर तुरंत रिवॉर्ड मिलेगा

इस कार्ड की एक बड़ी खासियत इसका रिवॉर्ड सिस्टम है। हर Flex ट्रांजैक्शन पर यूजर्स को स्टार्स मिलते हैं। कंपनी के अनुसार, 1 स्टार की कीमत 1 रुपये के बराबर है। सबसे अच्छी बात यह है कि इन रिवॉर्ड्स को तुरंत अगली Flex ट्रांजैक्शन में इस्तेमाल किया जा सकता है यानी महीने के अंत का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, जैसा आमतौर पर क्रेडिट कार्ड्स में होता है।

बिल भरने में भी पूरी आजादी

Google Pay Flex कार्ड यूजर्स को पेमेंट और बिल मैनेजमेंट में भी पूरी आजादी देता है। Google Pay ऐप के अंदर ही यूजर अपने खर्च देख सकते हैं और यह तय कर सकते हैं कि वह पूरा बिल एक साथ चुकाना चाहते हैं या EMI में बदलना चाहते हैं। यह सुविधा उन लोगों के लिए खास है, जो अपने खर्च को आसान तरीके से मैनेज करना चाहते हैं।

Google Pay ऐप से मिलेगा पूरा कंट्रोल

इस कार्ड को पूरी तरह Google Pay ऐप से कंट्रोल किया जा सकता है। यूजर्स ऐप के जरिए अपना कार्ड ब्लॉक या अनब्लॉक कर सकते हैं, PIN रीसेट कर सकते हैं और ट्रांजैक्शन लिमिट सेट कर सकते हैं। इससे कार्ड का इस्तेमाल ज्यादा सुरक्षित और आसान हो जाता है। फिलहाल Flex by Google Pay को अभी धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है। फिलहाल इच्छुक यूजर्स Google Pay ऐप में जाकर इसकी वेटलिस्ट जॉइन कर सकते हैं। आने वाले महीनों में इसे ज्यादा लोगों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

क्यों खास है यह कार्ड

Google के अनुसार, भारत में अभी बहुत कम लोग क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, जबकि UPI यूजर्स की संख्या करोड़ों में है। Flex by Google Pay का मकसद उन्हीं UPI यूजर्स तक आसान क्रेडिट पहुंचाना है, जो अब तक क्रेडिट कार्ड से दूर थे। Axis Bank का कहना है कि यह कार्ड डिजिटल-फर्स्ट यूजर्स के लिए बनाया गया है, जिससे रोजमर्रा के छोटे खर्चों में भी क्रेडिट का फायदा लिया जा सकेगा।