
2026 की शुरुआत में Xiaomi ने भारतीय स्मार्टफोन बाजार में अपना नया मिड-रेंज स्मार्टफोन Redmi Note 15 5G लॉन्च कर दिया है। Redmi Note 15 5G में 6.77-इंच का FHD+ कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले, 108MP कैमरा, Snapdragon 6 Gen 3 प्रोसेसर और 5520mAh की बड़ी बैटरी जैसे फीचर्स दिए गए हैं। स्लिम डिजाइन, दमदार डिस्प्ले ब्राइटनेस और लंबे सॉफ्टवेयर सपोर्ट की वजह से यह फोन मिड-रेंज सेगमेंट में काफी मजबूत विकल्प बनकर सामने आया है।

Redmi Note 15 5G को भारत में Glacier Blue, Black और Mist Purple कलर ऑप्शन में लॉन्च किया गया है। फोन के 8GB रैम + 128GB स्टोरेज वैरियंट की कीमत 22,999 रुपये है, जबकि 8GB रैम + 256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 24,999 रुपये है।
लॉन्च ऑफर्स के तहत Axis Bank, SBI और ICICI Bank कार्ड्स पर ₹3,000 का इंस्टेंट डिस्काउंट दिया जा रहा है। इसके अलावा, No-Cost EMI का विकल्प भी उपलब्ध है। फोन की बिक्री 9 जनवरी,2026 से Amazon.in, Mi.com और ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स पर शुरू होगी।
Redmi Note 15 5G के फीचर और स्पेसिफिकेशंस की बात करें, तो फोन में 6.77-इंच का FHD+ AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रिजॉल्यूशन 2392×1080 पिक्सल है। यह डिस्प्ले 120Hz रिफ्रेश रेट और 240Hz टच सैंपलिंग रेट को सपोर्ट करता है। स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 3200 निट्स तक जाती है। इसमें 12-बिट कलर डेप्थ, 3840Hz हाई-फ्रीक्वेंसी PWM डिमिंग और कर्व्ड एज डिजाइन मिलता है, जो इसे प्रीमियम फील देता है। फोन का बॉडी प्रोफाइल सिर्फ 7.35mm है, जिससे यह Redmi Note सीरीज का अब तक का सबसे स्लिम फोन बन गया है।

फोन में Qualcomm का Snapdragon 6 Gen 3 (4nm) प्रोसेसर दिया गया है, जिसमें Cortex-A78 और Cortex-A55 कोर कॉन्फिगरेशन मिलता है। Xiaomi के अनुसार, यह चिपसेट पिछले जेनरेशन की तुलना में बेहतर CPU और GPU परफॉर्मेंस देता है। Redmi Note 15 5G भारत में Android 15 आधारित Xiaomi HyperOS 2 के साथ आता है। कंपनी ने इस फोन के लिए 4 साल के OS अपडेट और 6 साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है, जो इस सेगमेंट में एक बड़ा प्लस पॉइंट माना जा रहा है।
कैमरा सेटअप की बात करें, तो Redmi Note 15 5G में भारत में 108MP का प्राइमरी कैमरा दिया गया है, जो OIS सपोर्ट के साथ आता है। यह चीनी वैरियंट के 50MP कैमरे से बड़ा अपग्रेड है। इसके साथ 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा दिया गया है। फोन 4K वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करता है। फ्रंट में 20MP का कैमरा मिलता है, जो FHD वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए सक्षम है। AI फीचर्स में AI Erase, AI Remove Reflection और मल्टीफोकल पोर्ट्रेट जैसे ऑप्शन शामिल हैं।
Redmi Note 15 5G को IP65 और IP66 डस्ट व स्प्लैश रेजिस्टेंस रेटिंग मिली है। इसके अलावा, फोन MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी को भी सपोर्ट करता है, जिससे यह रोजमर्रा के इस्तेमाल में ज्यादा मजबूत साबित होता है। इसमें इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर, इंफ्रारेड सेंसर, स्टीरियो स्पीकर्स और Dolby Atmos सपोर्ट भी दिया गया है।
फोन में 5520mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है, जो 45W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। अच्छी बात यह है कि चार्जर बॉक्स में ही दिया जा रहा है। कंपनी का दावा है कि यह बैटरी लंबा बैकअप देती है और लंबे समय तक अपनी हेल्थ बनाए रखती है।
Redmi Note 15 5G में 8GB LPDDR4X रैम के साथ 128GB और 256GB UFS 2.2 स्टोरेज ऑप्शन मिलते हैं। माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए स्टोरेज को 1TB तक बढ़ाया जा सकता है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5G, Wi-Fi 6, Bluetooth 5.1, USB Type-C और GPS जैसे फीचर्स दिए गए हैं।


