
देसी कंपनी लावा ने भारतीय बाजार में अपना नया फोन Lava Agni 4 लॉन्च किया है। इस फोन को 25,000 रुपये की बजट में लॉन्च किया गया है, जहां पहले से एक मजूबत फोन OnePlus Nord CE 5 मौजूद है। दोनों फोन समान MediaTek Dimensity 8350 चिपसेट, 120Hz AMOLED डिस्प्ले और 5G कनेक्टिविटी के साथ आते हैं। ऐसे में परफॉर्मेंस, डिस्प्ले, बैटरी और डिजाइन के मामले में एक-दूसरे के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। फिर भी, इनके बीच कई ऐसे अंतर हैं, जो इन्हें अलग कैटेगरी के यूजर्स के लिए बेहतर बनाते हैं। Lava Agni 4 जहां अपने प्रीमियम डिजाइन, बेहतर सेल्फी कैमरा और शार्प डिस्प्ले के कारण आकर्षित करता है, वहीं OnePlus Nord CE 5 अपनी बड़ी बैटरी, तेज चार्जिंग और OnePlus के भरोसेमंद सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस के कारण लंबी अवधि के उपयोग के लिए अधिक पसंद किया जा रहा है। आइए जानते हैं दोनों फोन के फीचर और स्पेसिफिकेशन में क्या अंतर है और आपके लिए कौन ज्यादा बेहतर हो सकता है?

डिजाइन
डिजाइन को देखें, तो Lava Agni 4 इस प्राइस सेगमेंट में सबसे अलग दिखता है। इसमें एल्यूमिनियम फ्रेम और ग्लास बैक दिया गया है, जिसके साथ नया हॉरिजॉन्टल कैमरा मॉड्यूल इसे प्रीमियम और फ्लैगशिप जैसी फील देता है। इसका आकर्षक डिजाइन उन यूजर्स को बहुत पसंद आएगा, जो खूबसूरत फोन को प्राथमिकता देते हैं।
वहीं OnePlus Nord CE 5 डिजाइन के मामले में थोड़ा साधारण लगता है। इसका डिजाइन बहुत फ्लैशी या प्रीमियम नहीं माना जाता है, लेकिन OnePlus ने इसे हल्का, ग्रिप-फ्रेंडली और डेली यूज में सुविधाजनक बनाया है। CE 5 की खास बात है इसका IP65 रेटिंग, जो Lava Agni 4 की तुलना में बेहतर डस्ट और वाटर रेसिस्टेंस देती है। इस कारण यह लंबे समय तक टिकाऊ और सुरक्षित महसूस होता है।
डिस्प्ले
दोनों फोनों में AMOLED डिस्प्ले है, लेकिन Lava Agni 4 अपनी 1.5K हाई-रिजॉल्यूशन स्क्रीन (1220p) के साथ निश्चित रूप से आगे निकलता है। टेक्स्ट, आइकन और वीडियो डिटेल Lava में ज्यादा शार्प दिखते हैं और 120Hz रिफ्रेश रेट इसे बेहद स्मूथ बनाता है। स्क्रीन आउटडोर ब्राइटनेस और कलर रिप्रोडक्शन के मामले में भी बेहतर है।
OnePlus Nord CE 5 का AMOLED पैनल भी काफी अच्छा है, लेकिन इसका रिजॉल्यूशन FHD+ है, जो Agni 4 जितना शार्प नहीं लगता है। हालांकि स्क्रीन बड़ी है (6.77 इंच), जिससे कंटेंट देखना आरामदायक होता है, लेकिन पिक्सल डेंसिटी Lava के मुकाबले कम है। वैसे, दोनों ही फोनों की आउटडोर विजिबिलिटी अच्छी है और ब्राइट लाइट में स्क्रीन आसानी से पढ़ी जा सकती है।

परफॉर्मेंस और प्रोसेसर
परफॉर्मेंस के मामले में दोनों ही फोन लगभग बराबर हैं, क्योंकि दोनों में MediaTek Dimensity 8350 सीरीज का समान कॉन्फिगरेशन मिलता है। चाहे मल्टीटास्किंग हो, हैवी ऐप्स हों या BGMI और COD Mobile जैसी गेम्स दोनों पर ही अच्छे चलते हैं। Lava Agni 4 और Nord CE 5 दोनों में LPDDR5X RAM मिलती है, लेकिन स्टोरेज में OnePlus थोड़ा पीछे रह जाता है, क्योंकि CE 5 UFS 3.1 स्टोरेज पर चलता है, जबकि Agni 4 का स्टोरेज फास्ट और स्थिर है।
रैम और स्टोरेज
Lava Agni 4 में आपको 8GB रैम और 256GB स्टोरेज (नॉन-एक्सपेंडेबल) मिलता है। हालांकि इसमें आप रैम को 16 जीबी तक बढ़ा सकते हैं, वहीं OnePlus Nord CE 5 8GB / 12GB रैम
और 128GB / 256GB स्टोरेज विकल्प के साथ आता है। यहां पर आप स्टोरेज को 1TB तक एक्सपेंडेबल कर सकते हैं। अगर आप ज्यादा ऐप्स और मीडिया फाइल्स रखते हैं, तो OnePlus CE 5 का एक्सपेंडेबल स्टोरेज बड़ा फायदा देता है।
बैटरी और चार्जिंग
यह सेक्शन पूरी तुलना का सबसे बड़ा गेम-चेंजर है। Lava Agni 4 में 5000mAh की बैटरी और 66W फास्ट चार्जिंग है, जो एक दिन का बैकअप आसानी से दे सकती है। लेकिन OnePlus Nord CE 5 इस मामले में एकदम अलग स्तर पर है। इसमें 7100mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो डेढ़ से दो दिन का बैकअप देने में सक्षम है। साथ में 80W SUPERVOOC चार्जिंग इसे और भी पावरफुल बनाती है। अगर आपकी प्राथमिकता बैटरी लाइफ है, तो इस मामले में Nord CE 5 काफी आगे है।
कैमरा
फोटो और वीडियो की बात करें तो OnePlus Nord CE 5 का कैमरा ट्यूनिंग काफी बेहतर माना जाता है। 50MP + 8MP रियर कैमरा सेटअप OnePlus की कलर प्रोसेसिंग और स्टेबिलिटी के साथ काफी संतुलित और नेचुरल रिजल्ट देता है। 4K @60fps वीडियो इसकी बड़ी खासियत है। फ्रंट में 16 मेगापिक्सल का कैमरा है।
दूसरी ओर Lava Agni 4 में पीछे की तरफ 50MP + 8MP का डुअल कैमरा सेटअप और फ्रंट में 50MP कैमरा मिलता है, जो वाइड-एंगल शॉट्स और 4K वीडियो शूटिंग में सक्षम है। हालांकि कैमरा परफॉर्मेंस की टेस्टिंग बाकी है, लेकिन फ्रंट कैमरा के कारण यह कंटेंट क्रिएटर्स और व्लॉगर्स के लिए बहुत आकर्षक विकल्प बन जाता है।
सॉफ्टवेयर
OnePlus Nord CE 5 OxygenOS के साथ आता है, जो अपने स्मूथ, फास्ट और क्लीन UI के लिए काफी पसंद किया जाता है। OnePlus अपने अपडेट्स के लिए भी जाना जाता है, इसलिए आने वाले महीनों में इसे Android 16 और नए फीचर्स भी मिलेंगे। Lava Agni 4 स्टॉक Android 15 पर चलता है।
कीमत
कीमत की बात करें, तो Lava Agni 4 को कंपनी ने 24,999 रुपये में लॉन्च किया है, लेकिन कंपनी 2,000 रुपये का बैंक डिस्काउंट दे रही है, जिसकी वजह से फोन को 22,999 रुपये में खरीद सकते हैं। यह कीमत फोन के 8GB रैम और 256GB स्टोरेज वैरियंट की है। वहीं दूसरी तरफ OnePlus Nord CE 5 का बेस मॉडल यानी 8जीबी रैम और 128 जीबी वैरियंट अमेजन पर 24,998 रुपये में उपलब्ध है। अगर आप ज्यादा स्टोरेज और कम कीमत में चाहते हैं, तो फिर Lava Agni 4 एक विकल्प हो सकता है।
अगर आप गेमर नहीं हैं और एक ग्लैमरस डिजाइन, शार्प 1.5K डिस्प्ले, बेहतरीन सेल्फी कैमरा और हल्का स्टॉक एंड्रॉयड अनुभव चाहते हैं, तो Lava Agni 4 आपके लिए एक विकल्प हो सकता है, वहीं लेकिन अगर आपकी प्राथमिकता लंबी बैटरी लाइफ, तेज चार्जिंग, बेहतर सॉफ्टवेयर अपडेट और भरोसेमंद कैमरा परफॉर्मेंस है, तो OnePlus Nord CE 5 बेहतर विकल्प बन सकता है।


