लग्जरी डिजाइन के साथ Motorola Edge 70 का स्पेशल एडिशन हुआ लॉन्च, जानें फीचर्स

Motorola ने अपने डिजाइन-फोकस्ड स्मार्टफोन्स की लिस्ट में एक नया और बेहद प्रीमियम मॉडल जोड़ दिया है। कंपनी ने Motorola Edge 70 का स्पेशल एडिशन लॉन्च किया है, जिसे Pantone और Swarovski के साथ मिलकर तैयार किया गया है। यह नया वैरियंट Cloud Dancer (Pantone 11-4201) कलर में आता है, जो एक सॉफ्ट व्हाइट टोन है। इस खास एडिशन में बैक पैनल पर Swarovski क्रिस्टल लगाए गए हैं, जिससे फोन को स्टाइलिश और लग्जरी लुक मिलता है। खास बात यह है कि फोन का हार्डवेयर स्टैंडर्ड Edge 70 जैसा ही रखा गया है, सिर्फ डिजाइन को प्रीमियम और एक्सक्लूसिव बनाया गया है।

नई Motorola Edge 70 Cloud Dancer Special Edition की बिक्री चुनिंदा ग्लोबल मार्केट्स में होगी। हालांकि कंपनी ने अभी इसकी कीमत और उपलब्धता की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। याद दिला दें कि स्टैंडर्ड Motorola Edge 70 को नवंबर 2025 में तीन Pantone कलर Gadget Grey, Lily Pad और Bronze Green में लॉन्च किया गया था। UK में इसकी कीमत £700 (करीब 80,000 रुपये) और यूरोपीय बाजारों में €799 (करीब 81,000 रुपये) से शुरू होती है।

स्पेशल एडिशन में फीचर्स वही रखे गए हैं। फोन में 6.67 इंच का pOLED डिस्प्ले है, जिसमें 1,220×2,712 पिक्सल रिजॉल्यूशन, 120Hz रिफ्रेश रेट, HDR10+ सपोर्ट और 4500 निट्स तक पीक ब्राइटनेस मिलती है। डिस्प्ले Gorilla Glass 7i से प्रोटेक्टेड है। परफॉर्मेंस के लिए Snapdragon 7 Gen 4 चिपसेट, 12GB रैम और 512GB स्टोरेज दिया गया है। यह Android 16 आधारित Hello UI पर चलता है और कंपनी जून 2031 तक सिक्योरिटी अपडेट देने का दावा करती है। फोन में Moto AI फीचर्स भी शामिल हैं।

कैमरा सेटअप की बात करें, तो Motorola Edge 70 में पीछे 50MP OIS प्राइमरी कैमरा और 50MP अल्ट्रावाइड कैमरा दिया गया है। फ्रंट में भी 50MP का कैमरा मिलता है। कनेक्टिविटी में 5G, Wi-Fi 6E, Bluetooth, NFC, GPS, A-GPS, GLONASS, Galileo और Type-C पोर्ट शामिल हैं। फोन में Dolby Atmos सपोर्ट वाले डुअल स्टीरियो स्पीकर भी मिलते हैं।

बैटरी क्षमता की बात करें, तो इसमें 4,800mAh की सिलिकॉन कार्बन बैटरी है, जो 68W वायर्ड और 15W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करती है। फोन 5.99mm की अल्ट्रा-स्लिम बॉडी, एयक्राफ्ट-ग्रेड एल्यूमिनियम फ्रेम और MIL-STD-810H ड्यूरेबिलिटी सर्टिफिकेशन के साथ आता है। IP68 और IP69 रेटिंग्स भी मिलती हैं। वजन सिर्फ 159 ग्राम है।

भारत में Motorola Edge 70 के लॉन्च को लेकर भी नई जानकारी सामने आई है। टिप्स्टर मुकुल शर्मा के अनुसार, यह फोन भारत में 15 दिसंबर के आसपास लॉन्च हो सकता है। भारतीय वैरियंट ग्लोबल मॉडल से अलग हो सकता है, जिसमें बड़ी बैटरी और नया डिजाइन शामिल होगा। माना जा रहा है कि यह मॉडल चीन में लॉन्च हुए Moto X70 Air से प्रेरित होगा और अल्ट्रा-स्लिम स्मार्टफोन कैटेगरी में Galaxy S25 Edge और iPhone Air को टक्कर देगा।

भारत में इसके कलर विकल्प भी लीक हुए हैं और ये लाइट ग्रीन, डार्क ग्रीन और ब्लैक में आ सकते हैं। बैक पैनल पर Pantone लेबल भी दिया गया है। सबसे बड़ी खबर यह है कि भारतीय बाजार में इसकी कीमत ग्लोबल वर्जन की तुलना में काफी कम होगी। जहां UK में यह £700 यानी लगभग 80,000 रुपये में मिलता है, वहीं भारत में इसे 35,000 रुपये से कम कीमत में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है।