OnePlus 15R में मिल सकता है Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर और 12GB तक रैम, जल्दी होगा लॉन्च

वनप्लस 15आर (OnePlus 15R) जल्द ही भारत में लॉन्च होने वाला है और लॉन्च से पहले यह फोन बेंचमार्किंग प्लेटफॉर्म Geekbench पर दिखाई दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मॉडल चीन में हाल ही में लॉन्च हुए OnePlus Ace 6T का रीब्रांडेड वर्जन होगा। लिस्टिंग सामने आने के बाद फोन के कुछ अहम स्पेसिफिकेशंस भी साफ हो गए हैं, जिसमें नया Snapdragon 8 Gen 5 चिपसेट और 12GB रैम की पुष्टि हुई है। कंपनी फोन को भारत में 17 दिसंबर, 2025 को लॉन्च करेगी।

Geekbench पर OnePlus CPH2767 मॉडल नंबर वाला एक स्मार्टफोन देखा गया है, जिसे टिप्स्टर अभिषेक यादव ने सबसे पहले नोटिस किया। मॉडल नंबर और चिपसेट डिटेल्स को देखकर यह फोन OnePlus 15R ही माना जा रहा है। लिस्टिंग में फोन को ऑक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ दिखाया गया है, जो ARMv8 आर्किटेक्चर पर आधारित है और 3.32GHz बेस फ्रीक्वेंसी पर काम करता है।

इसके कोर कॉन्फिगरेशन से पता चलता है कि इसमें दो प्राइम कोर 3.80GHz पर और छह परफॉर्मेंस कोर 3.32GHz पर क्लॉक किए गए हैं। इसी पैटर्न के आधार पर यह साफ होता है कि यह Qualcomm का नया Snapdragon 8 Gen 5 चिपसेट है, जिसकी कंपनी पहले ही पुष्टि कर चुकी है। लिस्टिंग के अनुसार फोन में लगभग 10.88GB RAM होगी, जिसे बाजार में 12GB RAM के नाम से बेचा जाएगा। फोन Android 16 पर चलता हुआ दिखा है और इसमें OxygenOS 16 मिलने की उम्मीद है।

बेंचमार्क स्कोर की बात करें, तो Geekbench 6.5.0 AArch64 टेस्ट में OnePlus 15R ने Single-core में 2,784 पॉइंट्स और Multi-core में 9,329 पॉइंट्स
हासिल किए हैं।

ये स्कोर OnePlus 15 के मुकाबले थोड़े कम हैं, क्योंकि OnePlus 15 में ज्यादा पावरफुल Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट मिलता है। पिछली रिपोर्ट्स में OnePlus 15 ने 3,622 (single-core) और 10,712 (multi-core) स्कोर हासिल किए थे। इसके बावजूद, OnePlus 15R का स्कोर इसे एक हाई-परफॉर्मेंस प्रीमियम फोन बनाता है।

OnePlus 15R के साथ कंपनी OnePlus Pad Go 2 भी भारत में लॉन्च करेगी, जिसे हाल ही में Geekbench पर देखा गया था। इससे साफ है कि OnePlus दिसंबर में अपने नए प्रोडक्ट्स की एक पूरी लाइनअप लॉन्च कर सकती है।

OnePlus 15R के संभावित कीमत की बात करें, तो चीन में यह फोन OnePlus Ace 6T नाम से आता है, जिसकी शुरुआती कीमत 2,599 युआन यानी लगभग 33,000 रुपये है (12GB RAM + 256GB स्टोरेज मॉडल)। तुलना के लिए इसके पिछले मॉडल OnePlus Ace 5 की कीमत 2,299 युआन (करीब 26,830 रुपये) थी, जिससे साफ है कि नए वर्जन में चीन में अच्छा खासा प्राइस हाइक देखने को मिला है। यही ट्रेंड भारत में भी देखा जा सकता है, हालांकि भारतीय कीमतें आमतौर पर कस्टम ड्यूटी, टैक्स और लोकल मार्केट पोजिशनिंग के कारण अलग रहती हैं।

भारत में OnePlus 13R की लॉन्च कीमत 42,999 रुपये थी। माना जा रहा है कि OnePlus 15R की कीमत 50,000 रुपये के अंदर रहेगी, क्योंकि कंपनी पहले से ही OnePlus 13s को 54,999 रुपये में बेच रही है, जो 2025 के बीच लॉन्च हुआ था। कंपनी अपनी ही लाइनअप को टक्कर नहीं देना चाहेगी, इसलिए 15R की कीमत को 13s के बहुत करीब लाना संभव नहीं दिखता है।