
पोको (Poco) भारतीय बाजार में अपने नए Poco C85 5G स्मार्टफोन को पेश करने की तैयारी कर चुका है। कंपनी ने इसकी आधिकारिक लॉन्च तारीख की घोषणा कर दी है और इसके साथ कई अहम फीचर्स भी सामने आए हैं। Poco की C सीरीज हमेशा से बजट सेगमेंट में मजबूत बैटरी, बेहतर कैमरा और भरोसेमंद परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती है। नया Poco C85 5G भी इसी रेंज में 5G कनेक्टिविटी के साथ एक किफायती विकल्प के रूप में आ रहा है। हाल ही में इसकी झलक और जानकारी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी देखने को मिली है, जिससे इसके डिजाइन और कुछ फीचर्स की पुष्टि हो चुकी है।
Poco ने घोषणा की है कि Poco C85 5G को भारत में 9 दिसंबर, 2025 को दोपहर 12 बजे लॉन्च किया जाएगा। फोन की बिक्री Flipkart के माध्यम से होने की पुष्टि हुई है और कंपनी इसे कई कलर विकल्पों में पेश कर सकती है। लॉन्च से पहले कंपनी फोन को धीरे-धीरे टीज कर रही है ताकि इसके फीचर्स को लेकर उत्सुकता बनी रहे। Poco की तरफ से जारी टीजर में फोन के रियर डिजाइन, बैटरी क्षमता और चार्जिंग से जुड़ी जानकारी साफ दिखाई गई है।

Poco C85 5G में 6,000mAh की बड़ी बैटरी दी जाएगी, जो इस रेंज में मिलने वाली सबसे बड़ी बैटरियों में से एक है। कंपनी ने दावा किया है कि यह बैटरी सामान्य उपयोग में एक या दो दिन से भी ज्यादा चल सकती है। इसके साथ 33W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलेगा, जिससे फोन जल्दी चार्ज हो सकेगा। इसके अलावा, इसमें 10W रिवर्स चार्जिंग का फीचर भी होगा है, जिससे जरूरत पड़ने पर आप इस फोन का उपयोग एक पावर बैंक की तरह भी कर सकते हैं। यह फीचर खासकर उन यूजर्स के लिए उपयोगी होगा, जो सफर के दौरान छोटे गैजेट्स जैसे कोई वायरलेस ईयरबड्स चार्ज करना चाहते हैं।
Poco C85 5G में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलेगा, जिसमें 50 मेगापिक्सल का एआई प्राइमरी कैमरा होगा। यह कैमरा सामान्य तस्वीरों के साथ-साथ एआई आधारित फोटो फीचर्स के साथ आएगा। कंपनी ने इसकी फोटो क्वालिटी को बेहतर बनाने के लिए कई सॉफ्टवेयर सुधार भी किए हैं। फोन के पीछे की तरफ एक चौकोर कैमरा मॉड्यूल दिया गया है, जो इसे एक आकर्षक और प्रीमियम लुक देता है। इसके अलावा, वर्टिकली लिखा Poco ब्रांडिंग फोन को अपनी पहचान प्रदान करती है। फोन को बैंगनी रंग में टीज किया गया है और उम्मीद है कि यह कुछ अन्य कलर विकल्पों में भी लॉन्च होगा।
हालांकि Poco ने अभी तक पूरे हार्डवेयर स्पेसिफिकेशन का खुलासा नहीं किया है, लेकिन Google Play Console लिस्टिंग से पता चला है कि Poco C85 5G में MediaTek Dimensity 6100+ प्रोसेसर दिया जा सकता है। यह चिपसेट दो हाई-परफॉर्मेंस Cortex A76 कोर और छह पावर-इफिशिएंट Cortex A55 कोर के साथ आता है। इसकी स्पीड लगभग 2.20GHz तक पहुंच सकती है, जो इसे रोजमर्रा के उपयोग, सोशल मीडिया, वीडियो स्ट्रीमिंग और हल्के गेमिंग में स्थिर परफॉर्मेंस देने में सक्षम बनाती है। फोन को 4GB रैम के साथ स्पॉट किया गया है, जो मल्टीटास्किंग के लिए काफी है।
Google Play Console पर मिली जानकारी के अनुसार, Poco C85 5G में 720x1600 पिक्सल वाला एचडी+ डिस्प्ले दिया जा सकता है। स्क्रीन में वाटर ड्रॉप जैसी नॉच होगी, जिसमें सेल्फी कैमरा रखा जाएगा। डिस्प्ले का आकार अभी सामने नहीं आया है, लेकिन कंपनी इसे बड़े आकार में पेश कर सकती है ताकि वीडियो देखने, सोशल मीडिया इस्तेमाल और गेम खेलने में बेहतर अनुभव मिले।
फोन को Google Play Console पर Android 16 के साथ देखा गया था, जिससे उम्मीद है कि Poco C85 5G लेटेस्ट सॉफ्टवेयर के साथ आएगा। इसमें सिक्योरिटी पैच और कुछ नए एंड्रॉयड फीचर्स भी शामिल हो सकते हैं। सॉफ्टवेयर के मामले में Poco अपने फोन में हल्का और तेज इंटरफेस प्रदान करता है, जिससे यूजर को स्मूद अनुभव मिलता है। इसके अलावा, फोन में 5G कनेक्टिविटी, वाई-फाई, ब्लूटूथ और बेसिक सेंसर जैसे फिंगरप्रिंट स्कैनर भी शामिल हो सकते हैं।
Poco C85 5G की कीमत अभी सामने नहीं आई है, लेकिन इसके स्पेसिफिकेशंस को देखते हुए यह फोन 10,000 से 13,000 रुपये के बीच लॉन्च हो सकता है। इस रेंज में इसे Redmi, Realme, Vivo और Samsung के फोन से कड़ी टक्कर मिलेगी। Poco C सीरीज का मुख्य आकर्षण उसकी बड़ी बैटरी और बेहतर परफॉर्मेंस रहा है, इसलिए यह फोन बजट ग्राहकों के लिए एक किफायती विकल्प बन सकता है।
Poco C85 5G भारत में एक बजट 5G फोन के रूप में आने वाला है, जिसमें बड़ी बैटरी, तेज चार्जिंग, एआई कैमरा और आकर्षक डिजाइन जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। प्रोसेसर और डिस्प्ले की जानकारी फोन को और बेहतर बनाती है और इससे उम्मीद है कि यह अपने सेगमेंट में अच्छी पकड़ बनाएगा।


