Realme का 200MP कैमरा वाला फोन 6 जनवरी को इंडिया में होगा लॉन्च, जानें स्पेसिफिकेशन और फीचर

चाइनीज स्मार्टफोन ब्रांड Realme ने आखिरकार अपनी नई Realme 16 Pro 5G Series की इंडिया लॉन्च डेट कंफर्म कर दी है। कंपनी ने घोषणा की है कि Realme 16 Pro 5G और Realme 16 Pro+ 5G को भारत में 6 जनवरी, 2026 को दोपहर 12 बजे लॉन्च किया जाएगा। लॉन्च के तुरंत बाद ये दोनों स्मार्टफोन Flipkart और Realme की ऑफिशियल वेबसाइट पर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। आइए जानते हैं फोन के संभावित स्पेसिफिकेशंस और फीचर के बारे में विस्तार सेः

रियलमी 16 प्रो सीरीज का सबसे बड़ा हाइलाइट इसका 200MP Portrait Master कैमरा सिस्टम है। कंपनी ने पुष्टि की है कि दोनों मॉडल्स में 200MP LumaColor कैमरा दिया जाएगा, जिसे खास तौर पर पोर्ट्रेट फोटोग्राफी के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें नया LumaColor एल्गोरिदम शामिल है, जो लो-लाइट कंडीशन में भी कलर एक्युरेसी बनाए रखने के काम आता है। साथ ही, 16-bit RAW प्रोसेसिंग और TÜV Rheinland सर्टिफिकेशन भी मिलेगा। वहीं Pro+ वैरियंट में पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस दिया जाएगा, जो 10x जूम सपोर्ट करेगा।

परफॉर्मेंस की बात करें, तो Realme ने टीज किया है कि Realme 16 Pro+ 5G में ऐसा Snapdragon चिपसेट मिलेगा, जो Snapdragon 7 Gen 4 से अधिक पावरफुल होगा। हालांकि हालिया Geekbench लिस्टिंग में इसको लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, क्योंकि कुछ रिपोर्ट्स में Snapdragon 7 Gen 4 के इस्तेमाल की संभावना जताई गई है। वहीं Realme 16 Pro 5G को MediaTek Dimensity 7300 प्रोसेसर के साथ बेंचमार्क लिस्टिंग में देखा गया है। ऐसे में लॉन्च तक Pro+ मॉडल के प्रोसेसर को लेकर सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन कंपनी का फोकस हाई परफॉर्मेंस पर रहेगा।

डिजाइन के मामले में Realme ने मशहूर जापानी डिजाइनर Naoto Fukasawa के साथ पार्टनरशिप की है। Realme 16 Pro सीरीज में नया Urban Wild डिजाइन देखने को मिलेगा। फोन के पीछे स्क्वायर शेप कैमरा मॉड्यूल होगा, जिसमें ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप और LED फ्लैश दिया जाएगा। Realme की ब्रांडिंग बैक पैनल के दाहिने हिस्से में होगी, जबकि साइड फ्रेम पर पावर और वॉल्यूम बटन मौजूद रहेंगे।

कलर ऑप्शंस की बात करें, तो Realme 16 Pro 5G Series चार कलर में लॉन्च होगी। Master Gold और Master Grey वैरियंट में वेगन लेदर फिनिश मिलेगा, जो फोन को प्रीमियम फील देगा। इसके अलावा, भारत के लिए खास Camellia Pink और Orchid Purple कलर ऑप्शन भी पेश किए जाएंगे, जिनमें मैट फिनिश दी जाएगी। कंपनी के मुताबिक, ये कलर भारतीय त्योहारों और सेलिब्रेशन से प्रेरित हैं।

फीचर्स के मामले में Realme 16 Pro सीरीज में AI Edit Genie 2.0 मिलेगा, जो वॉयस-बेस्ड फोटो एडिटिंग सपोर्ट करेगा। इसके जरिए यूजर्स आवाज से फोटो एडिट कर सकेंगे और AI StyleMe और AI LightMe जैसे नए AI टूल्स का इस्तेमाल कर पाएंगे। सॉफ्टवेयर के तौर पर यह सीरीज Android 16 पर आधारित Realme UI 7 के साथ आएगी। Realme ने यह भी कन्फर्म किया है कि इन स्मार्टफोन्स को तीन साल तक Android OS अपडेट और चार साल तक सिक्योरिटी अपडेट दिए जाएंगे।

भारत में Realme 16 Pro 5G और Realme 16 Pro+ 5G को Flipkart, Realme India की वेबसाइट और ऑफलाइन रिटेल चैनल्स के जरिए बेचा जाएगा। यह सीरीज उन यूजर्स को टारगेट करती है, जो प्रीमियम डिजाइन, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, लेटेस्ट AI फीचर्स और लंबे समय तक सॉफ्टवेयर सपोर्ट के साथ एक फ्यूचर-रेडी 5G स्मार्टफोन की तलाश में हैं।