
रियलमी (Realme) ने भारत में अपनी पॉपुलर नंबर सीरीज को आगे बढ़ाते हुए Realme 16 Pro और Realme 16 Pro Plus स्मार्टफोन्स लॉन्च कर दिए हैं। कंपनी ने इन दोनों फोनों को अपर मिड-रेंज सेगमेंट में उतारा है, जहां सीधा मुकाबला Samsung, OnePlus और Xiaomi जैसे ब्रांड्स से होगा। Realme 16 Pro सीरीज की शुरुआती कीमत ₹31,999 है, जबकि टॉप वैरियंट ₹44,999 तक जाता है। अच्छी बात यह है कि बढ़ती कीमतों के दौर में Realme ने इस बार कीमतों को काफी हद तक कंट्रोल में रखा है।
भारत में Realme 16 Pro की कीमत ₹31,999 से शुरू होती है, जिसमें 8GB रैम और 128GB स्टोरेज मिलती है। इसके 8GB + 256GB वैरियंट की कीमत ₹33,999 और 12GB + 256GB मॉडल की कीमत ₹36,999 है। वहीं Realme 16 Pro Plus की बात करें, तो 8जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज की कीमत ₹39,999 है, जबकि 8जीबी रैम और 256जीबी की कीमत 41,999 रुपये और टॉप वैरियंट 12जीबी रैम और 256जीबी स्टोरेज की कीमत ₹44,999 है। कंपनी ने पुष्टि की है कि सेल 9 जनवरी से Flipkart और Realme की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू होगी। लॉन्च ऑफर के तहत चुनिंदा बैंक कार्ड्स पर ₹3,000 तक का इंस्टेंट डिस्काउंट भी दिया जा रहा है।

Realme 16 Pro Plus इस सीरीज का सबसे पावरफुल मॉडल है। इसमें Qualcomm Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है, जो डेली यूज, मल्टीटास्किंग और गेमिंग के लिए सक्षम माना जाता है। फोन में 7000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 80W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि यह फोन लंबे समय तक बैकअप देने के साथ-साथ तेजी से चार्ज भी हो जाता है।
कैमरा सेगमेंट में Realme 16 Pro Plus खासा दमदार नजर आता है। इसमें 200MP का प्राइमरी कैमरा दिया गया है, जिसके साथ 50MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस मिलता है। यह कैमरा सेटअप करीब 3.5x ऑप्टिकल जूम सपोर्ट करता है, जो इस प्राइस सेगमेंट में काफी कम देखने को मिलता है। फ्रंट में कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले दी गई है, जिसकी पीक ब्राइटनेस 6,500 निट्स तक जाती है। साथ ही फोन में बेहद पतले बेजेल्स, हाई टच सैंपलिंग रेट और Netflix HDR सपोर्ट भी दिया गया है।
मजबूती के मामले में भी Realme 16 Pro Plus आगे है। फोन को IP66, IP68, IP69 और IP69K जैसी हाई-लेवल वाटर और डस्ट रेजिस्टेंस रेटिंग्स मिली हैं, जो इसे इस सेगमेंट के सबसे रग्ड फोनों में से एक बनाती हैं।
वहीं, Realme 16 Pro उन यूजर्स के लिए है जो थोड़ा कम बजट में फ्लैगशिप जैसी फील चाहते हैं। इसमें MediaTek Dimensity 7300 Max प्रोसेसर दिया गया है, जिसे एफिशिएंसी और स्टेबल परफॉर्मेंस के लिए ट्यून किया गया है। फोन में भी 200MP का प्राइमरी कैमरा मिलता है, जो 4K HDR वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है। बैटरी यहां भी 7000mAh की है और 80W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मौजूद है।

Realme 16 Pro में 1.5K AMOLED डिस्प्ले दी गई है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट और 1.07 बिलियन कलर्स को सपोर्ट करती है। इसके अलावा फोन में 300 प्रतिशत अल्ट्रा वॉल्यूम मोड भी दिया गया है, जो स्पीकर आउटपुट को काफी तेज बनाता है।
दोनों स्मार्टफोन्स में कई कॉमन फीचर्स भी दिए गए हैं। दोनों Android 16 पर आधारित Realme UI 7.0 पर चलते हैं। कंपनी ने 3 साल के Android अपडेट और 4 साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है। इसके अलावा LPDDR5x RAM सपोर्ट, बेहतर कूलिंग सिस्टम, AMOLED डिस्प्ले और प्रीमियम डिजाइन दोनों फोनों में मिलता है।
कुल मिलाकर, Realme 16 Pro सीरीज उन यूजर्स को टारगेट करती है जो बड़ी बैटरी, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, प्रीमियम डिस्प्ले और मजबूत बिल्ड के साथ एक ऑल-राउंडर स्मार्टफोन की तलाश में हैं। लॉन्च ऑफर्स के साथ यह सीरीज मिड-रेंज मार्केट में कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार नजर आती है।


