
रियलमी (Realme) जल्द ही भारत में अपना नया बजट 5G स्मार्टफोन Realme C85 5G लॉन्च करने जा रहा है। कंपनी ने इस फोन आधिकारिक लॉन्च डेट का खुलासा कर दिया है और यह फोन देश में 28 नवंबर, 2025 को पेश किया जाएगा। नया स्मार्टफोन Flipkart और Realme की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। इसका माइक्रोसाइट फ्लिपकार्ट पर लाइव हो गया है, जिसके मुताबिक फोन में 7,000mAh की बड़ी बैटरी, 45W फास्ट चार्जिंग, 1200-निट्स डिस्प्ले और IP69 रेटिंग जैसे फीचर्स मिलेंगे।
Realme C85 5G के संभावित फीचर और स्पेसिफिकेशंस की बात करें, तो डिजाइन और मजबूती के मामले में भी Realme C85 5G खास है। फोन को IP69 डस्ट और वाटर रेसिस्टेंस रेटिंग मिली है। इसके साथ ही यह MIL-STD 810H मिलिट्री-ग्रेड शॉक रेसिस्टेंस के साथ आएगा। हालांकि अभी डिस्प्ले के साइज की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यह साफ है कि फोन में 1200 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलेगी, जो बजट रेंज में काफी आकर्षक फीचर है।

बैटरी इस फोन की सबसे बड़ी यूएसपी है। इस फोन में 7,000 mAh की बैटरी मिलेगी। Realme के अनुसार, यह बैटरी दो दिन तक का बैकअप दे सकती है। कंपनी का दावा है कि फोन 22 घंटे तक वीडियो स्ट्रीमिंग, 50 घंटे तक कॉलिंग और 145 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक में सक्षम होगा। इतना ही नहीं, सिर्फ 1 प्रतिशत बैटरी पर भी यह 9 घंटे का स्टैंडबाय या 40 मिनट की कॉलिंग दे देगा। फोन में 45W फास्ट चार्जिंग दी गई है, जो सिर्फ 5 मिनट की चार्जिंग में 1.5 घंटे की बैटरी लाइफ दे सकती है। साथ ही, 6.5W रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट भी शामिल है, जिससे आप दूसरे डिवाइस भी चार्ज कर पाएंगे।
कैमरा सेटअप की बात करें, तो Realme के इस फोन में 50MP Sony AI सेंसर मिलेगा, जो AI-बेस्ड एडिटिंग फीचर्स के साथ आएगा। फोन में AI Edit Genie नाम का स्मार्ट एडिटिंग टूल होगा, जो तस्वीरों को तुरंत बेहतर बना सकेगा। यह फोन हाल ही में वियतनाम में लॉन्च हुए मॉडल से काफी हद तक मिलता-जुलता हो सकता है, जिसमें कंपनी ने 6.8-इंच HD+ LCD डिस्प्ले दिया था, जिसमें 144Hz का हाई रिफ्रेश रेट और 1200 निट्स ब्राइटनेस शामिल थी। वहां के मॉडल में MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट मौजूद है और भारतीय वैरियंट में भी इसी चिपसेट के शामिल होने की उम्मीद है।
वियतनामी मॉडल में 50MP रियर कैमरा और 8MP फ्रंट कैमरा मिलता है। इसके साथ 8GB रैम और 256GB स्टोरेज तक का विकल्प था। भारत में भी फोन के दो वैरियंट में आने की संभावना है। टिप्स्टर संजू चौधरी के अनुसार, Realme C85 5G भारत में 4GB+128GB और 6GB+128GB मॉडल में आएगा, जिनकी संभावित कीमत क्रमशः 15,499 रुपये और 16,999 रुपये हो सकती हैं।
Realme C85 5G अब आधिकारिक लॉन्च से सिर्फ कुछ दिन दूर है और कंपनी आने वाले दिनों में इसके और फीचर्स की पुष्टि कर सकती है। कम कीमत, बड़ी बैटरी, मजबूत डिजाइन और 5G सपोर्ट के साथ यह फोन बजट सेगमेंट में एक दमदार विकल्प साबित हो सकता है।


