Samsung का तीन डिस्प्ले वाला फोन Galaxy Z TriFold दिसंबर में हो सकता है लॉन्च, इसमें मिलेगा 200MP कैमरा!

सैमसंग (Samsung) अब अपने सबसे एडवांस्ड फोल्डेबल डिवाइस Galaxy Z TriFold को लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह स्मार्टफोन दिसंबर के पहले हफ्ते में पेश किया जा सकता है। बताते चलें कि यह Samsung का पहला ट्रिपल-फोल्डिंग स्मार्टफोन होगा, जो एक बार में तीन हिस्सों में खुल जाएगा। भले ही कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस फोन से संबंधित कुछ जानकारियां लीक हुई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Samsung Galaxy Z TriFold को 5 दिसंबर को ग्लोबल मार्केट में लॉन्च किया जा सकता है। शुरुआती दौर में यह केवल चुनिंदा देशों में उपलब्ध होगा। हालांकि भारतीय मार्केट में इसकी उपलब्धता को लेकर अभी कोई पक्की जानकारी नहीं आई है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि Samsung इसे 2026 की शुरुआत में भारत में भी पेश कर सकता है।

आपको बता दें कि Samsung ने अक्टूबर में हुए APEC CEO समिट के दौरान अपने ट्राई-फोल्ड डिवाइस की पहली झलक दिखाई थी। इसके बाद स्मार्टफोन को Bluetooth SIG, 3C और IMDA सर्टिफिकेशन वेबसाइट्स पर भी स्पॉट किया था। पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि डिवाइस साल के अंत तक दक्षिण कोरिया और चीन में लॉन्च होगा, लेकिन अब एक कोरियाई पब्लिकेशन की रिपोर्ट के अनुसार, Samsung 5 दिसंबर,2025 को अपने इस ट्राई-फोल्ड स्मार्टफोन को लॉन्च कर सकती है।

Samsung Galaxy Z TriFold

लीक रिपोर्ट के मुताबिक, Galaxy Z TriFold में 6.5 इंच का बाहरी स्क्रीन और 10 इंच का इंटरनल फ्लेक्सिबल डिस्प्ले दिया जाएगा। यह डिवाइस फोल्ड होने पर मात्र 4.2mm पतला होगा, जबकि अनफोल्ड करने पर इसकी मोटाई 14mm तक होगी। फोन को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह यूजर को एक साथ फोन और टैबलेट दोनों का एक्सपीरियंस प्रदान कर सकता है। डिस्प्ले में 120Hz रिफ्रेश रेट और HDR10+ सपोर्ट मिलने की उम्मीद है, जिससे इसका विजुअल आउटपुट बेहद स्मूद और शार्प रहेगा।

Samsung Galaxy Z TriFold में Snapdragon 8 Gen 4 या Exynos 2500 चिपसेट देखने को मिल सकता है। इसके साथ कंपनी इसमें 16GB तक RAM रैम और 1TB तक इंटरनल स्टोरेज दे सकती है। सॉफ्टवेयर की बात करें, तो यह डिवाइस Android 16 आधारित One UI 7 पर चलेगा, जिसमें मल्टीटास्किंग और स्प्लिट-स्क्रीन फीचर्स को खासतौर पर बेहतर बनाया गया है।

वहीं कैमरा की बात करें, तो फोन में 200 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा, 12 मेगापिक्सल अल्ट्रा-वाइड लेंस और 10 मेगापिक्सल टेलीफोटो सेंसर दिया जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रंट कैमरा डिस्प्ले के नीचे (Under Display) छिपा होगा, जिससे फोन का डिजाइन और भी क्लीन लगेगा। Samsung इसमें अपने नए AI-पावर्ड इमेज प्रोसेसिंग एल्गोरिद्म का इस्तेमाल करेगी, जो बेहतर पोर्ट्रेट और लो-लाइट फोटोग्राफी सुनिश्चित करेगा।

Galaxy Z TriFold में कंपनी 5600mAh की बैटरी दे सकती है, जो 25W फास्ट चार्जिंग और 15W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करेगी। बड़ी स्क्रीन और फोल्डेबल डिजाइन के बावजूद फोन की बैटरी को इस तरह ऑप्टिमाइज किया गया है कि यह लंबा बैकअप दे सके।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, Samsung Galaxy Z TriFold की शुरुआती कीमत लगभग 3000 अमेरिकी डॉलर (करीब 2.66 लाख रुपये) हो सकती है। कंपनी शुरू में केवल 20,000 से 30,000 यूनिट्स ही तैयार करेगी।

देखा जाए, तो Samsung Galaxy Z TriFold अब तक का सबसे इनोवेटिव फोल्डेबल फोन हो सकता है। इसका ट्रिपल-फोल्ड डिजाइन और हाई-एंड परफॉर्मेंस इसे भविष्य के स्मार्टफोन्स की दिशा में एक बड़ा कदम बनाता है।