
स्मार्टफोन बाजार में नए साल की शुरुआत के साथ ही Samsung ने अपने ग्राहकों को झटका दिया है। कंपनी ने भारत में अपने पॉपुलर Galaxy A और Galaxy F सीरीज के कुछ स्मार्टफोन्स की कीमत में आधिकारिक तौर पर बढ़ोतरी कर दी है। यह नई कीमत 5 जनवरी, 2026 से पूरे देश में लागू हो चुकी हैं। इस प्राइस हाइक के तहत Galaxy A56, Galaxy A36 और Galaxy F17 5G के सभी स्टोरेज वैरियंट्स महंगे हो गए हैं। आइए जानते हैं क्या है नई कीमत?
Galaxy A और F सीरीज पर कितना बढ़ा दाम
टिप्स्टर अभिषेक यादव द्वारा शेयर की गई जानकारी के अनुसार, Samsung ने हर मॉडल पर एक तय राशि के हिसाब से कीमत बढ़ाई हैं। Galaxy A56 की कीमत में ₹2,000 की बढ़ोतरी की गई है। Galaxy A36 अब ₹1,500 ज्यादा कीमत पर बिकेगा, जबकि एंट्री-लेवल 5G स्मार्टफोन Galaxy F17 5G की कीमत ₹1,000 तक बढ़ा दी गई है। यह बढ़ोतरी सभी रैम और स्टोरेज कॉन्फिगरेशन पर समान रूप से लागू होती है।

Samsung Galaxy A56 की नई कीमत
Galaxy A56, जो मिड-रेंज सेगमेंट में Samsung का एक प्रीमियम फोन माना जाता है, अब पहले से ज्यादा महंगा हो गया है। इसका 12GB रैम और 256GB स्टोरेज वाला टॉप वैरियंट पहले ₹44,999 में उपलब्ध था, जिसकी कीमत अब बढ़कर ₹46,999 हो गई है। वहीं 8GB रैम और 256GB स्टोरेज वैरियंट अब ₹41,999 की जगह ₹43,999 में मिलेगा। बेस 8GB रैम और 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत ₹38,999 से बढ़कर ₹40,999 कर दी गई है।
Galaxy A56 अपने AMOLED डिस्प्ले, दमदार कैमरा और लंबी सॉफ्टवेयर सपोर्ट के लिए जाना जाता है, लेकिन कीमत बढ़ने के बाद अब यह सीधे तौर पर OnePlus और Xiaomi के मिड-रेंज फोन्स को टक्कर देगा।
Samsung Galaxy A36 अब कितने में मिलेगा
Galaxy A36 की बात करें, तो इस फोन को भी प्राइस हाइक से राहत नहीं मिली है। इसका 12GB रैम और 256GB स्टोरेज वैरियंट अब ₹38,499 में बिकेगा, जो पहले ₹36,999 था। 8GB रैम और 256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत ₹33,999 से बढ़ाकर ₹35,499 कर दी गई है। वहीं 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वैरियंट अब ₹30,999 की जगह ₹32,499 में उपलब्ध होगा।
Galaxy A36 को खासतौर पर उन यूजर्स के लिए पेश किया गया है जो प्रीमियम डिजाइन, भरोसेमंद परफॉर्मेंस और Samsung का One UI एक्सपीरियंस चाहते हैं। हालांकि नई कीमत के बाद यह फोन अपने सेगमेंट में थोड़ा महंगा विकल्प बन सकता है।
Samsung Galaxy F17 5G की नई कीमत
Samsung का बजट 5G स्मार्टफोन Galaxy F17 5G भी अब पहले से महंगा हो गया है। इसके 4GB रैम और 128GB स्टोरेज वैरियंट की कीमत ₹14,499 से बढ़ाकर ₹15,499 कर दी गई है। 6GB रैम और 128GB स्टोरेज मॉडल अब ₹16,999 में मिलेगा, जबकि 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वैरियंट की कीमत ₹17,499 से बढ़कर ₹18,499 हो गई है।
Galaxy F17 5G को खासतौर पर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर युवाओं और पहली बार 5G फोन खरीदने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया गया था। कीमत बढ़ने के बाद यह फोन अब Redmi और Realme के कुछ मॉडलों से कड़ी टक्कर में आ जाएगा।
क्या Samsung के फ्लैगशिप फोन भी होंगे महंगे
फिलहाल Samsung ने अपने फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स जैसे Galaxy S25 सीरीज, Galaxy Z Fold 7 और Galaxy Z Flip 7 की कीमतों में किसी तरह की बढ़ोतरी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। हालांकि इंडस्ट्री रिपोर्ट्स के मुताबिक, बढ़ती मैन्युफैक्चरिंग और कंपोनेंट लागत की वजह से आने वाले महीनों में प्रीमियम सेगमेंट पर भी असर पड़ सकता है।


