
देसी स्मार्टफोन ब्रांड Wobble भारत में अपने पहले स्मार्टफोन के साथ दस्तक देने की तैयारी में है। Indkal Technologies की यह सब्सिडियरी कंपनी 19 नवंबर, 2025 को अमेजन पर अपना पहला फोन लॉन्च करेगी। इसे ‘Made in India, Designed for the World’ टैगलाइन के साथ पेश किया जाएगा। आपको बता दें कि Amazon पर इसका लैंडिंग पेज लाइव हो चुका है। यहां इसके डिजाइन, कैमरा और AI फीचर से जुड़ी जानकारी सामने आई है।
यह फोन भारत में Amazon Specials प्रोडक्ट के रूप में उपलब्ध होगा यानी शुरुआत में इसे केवल Amazon इंडिया प्लेटफॉर्म पर ही खरीदा जा सकेगा। कंपनी का कहना है कि यह डिवाइस भारतीय यूजर्स की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जबकि इसका डिजाइन और फीचर्स ग्लोबल लेवल के होंगे।

डिजाइन की बात करें, तो Wobble स्मार्टफोन बॉक्सी शेप में दिखाई देता है, जिसके कोनों को हल्का राउंड किया गया है। इसके रियर पैनल पर स्क्वायर शेप कैमरा मॉड्यूल दिया गया है, जिसमें चार सर्कुलर यूनिट्स हैं, जिनमें कैमरा सेंसर और LED फ्लैश हो सकते हैं। फोन के दाएं हिस्से में पावर बटन और वॉल्यूम रॉकर दिए गए हैं, जबकि बाईं तरफ सिम कार्ड ट्रे मौजूद है। नीचे की ओर USB Type-C पोर्ट, स्पीकर ग्रिल, माइक्रोफोन और 3.5mm ऑडियो जैक दिया गया है। वहीं रियर पैनल के निचले हिस्से में Wobble की ब्रांडिंग भी दिखाई देती है।
फोन में फ्लैट डिस्प्ले दी गई है, जिसके चारों ओर मोटे बेजल्स और नीचे की तरफ थोड़ा बड़ा चिन है। डिस्प्ले के सेंटर में पंच-होल कटआउट है, जिसमें फ्रंट कैमरा मौजूद है। Wobble ने दावा किया है कि फोन का कैमरा सिस्टम AI इंटीग्रेशन के साथ बेहतर परफॉर्मेंस देगा। रियर और फ्रंट दोनों ही कैमरों में AI एल्गोरिद्म की मदद से इमेज और वीडियो की क्वालिटी को बेहतर किया गया है।
Wobble स्मार्टफोन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित कई फीचर्स होंगे। इसके अलावा, इसमें Dolby मोड का सपोर्ट मिलेगा, जिससे यूजर्स को इमर्सिव ऑडियो-विजुअल एक्सपीरियंस प्राप्त होगा। कंपनी ने आफ्टर-सेल सर्विस और कस्टमर सपोर्ट पर भी विशेष ध्यान देने का वादा किया है।

Wobble के संभावित स्पेसिफिकेशंस की बात करें, तो अभी कंपनी ने फोन के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार इसका नाम Wobble 1 हो सकता है। इस फोन में MediaTek Dimensity 7400 5G प्रोसेसर, Android 15 ऑपरेटिंग सिस्टम और 8GB रैम मिलने की उम्मीद है। फोन को ब्लू और सिल्वर कलर ऑप्शन में पेश किया जा सकता है।
Wobble का यह स्मार्टफोन उन यूजर्स के लिए खास रहेगा, जो एक स्टाइलिश डिजाइन, एडवांस AI फीचर्स और बेहतर ऑडियो-विजुअल अनुभव चाहते हैं। अगर रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो यह फोन मिड-रेंज सेगमेंट में iQOO Z10R, Realme 14T और Poco X7 जैसे फोनों को टक्कर दे सकता है।


