
आजकल AI तकनीक का काफी बोलबाला है और हर कोई किसी न किसी रूप में इस तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है। AI ने लाइफ को काफी आसान बना दिया है और अब जल्द ही आपके ट्रैवल एक्सपीरियंस को भी बेहतर बनाएगा। जी हां, अब तक हमारे देश के कई हाइवे पर AI डैशकैम तैनात होगा। भारत में सड़क हादसों और खराब इंफ्रास्ट्रक्चर की समस्या एक चुनौती है और इससे निपटने के लिए सरकार ने बेहद ही शानदार उपाय खोज निकाला है। अब सरकार हाईवे मॉनिटरिंग को पूरी तरह टेक्नोलॉजी-ड्रिवन बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। इस योजना के तहत देशभर के करीब 40,000 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों यानि हाइवे पर AI आधारित डैशकैम सिस्टम तैनात किए जा सकते हैं। जिसके बाद जिससे सड़कों की निगरानी पहले से कहीं ज्यादा स्मार्ट और तेज हो जाएगी।
भारत दुनिया के सबसे बड़े सड़क नेटवर्क वाले देशों में शामिल है लेकिन हमारे देश में हर साल हजारों सड़क हादसे खराब सड़कों, गड्ढों और मेंटेनेंस की कमी की वजह से होते हैं। ऐसे में सरकार द्वारा AI डैशकैम की पहल सुरक्षा के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कैसे काम करेगा AI डैशकैम?
देशभर में कई हाइवे पर AI आधारित डैशकैम सिस्टम लगाए जाएंगे जो कि हाई-रेजोल्यूशन तकनीके के साथ आएंगे। ये कैमरे लगातार सड़क की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड करते रहेंगे। फिर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग इन तस्वीरों व वीडियो के डेटा का विश्लेषण करेंगे जिससे सड़क से जुड़ी समस्याओं की पहचान करना आसान होगा। यह तकनीक केवल गड्ढों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सड़क की दरारें, फीकी लेन मार्किंग, खराब स्ट्रीट लाइट, अवैध पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण जैसी 30 से भी अधिक समस्याओं को पहचानने में सक्षम है।
मेंटेनेंस सिस्टम में बदलाव
अभी तक सड़कों की मरम्मत या मेंटनेंस अधिकतर शिकायतों या हादसों के बाद ही होती है, लेकिन AI डैशकैम तकनीक आने से सिस्टम proactive हो सकता है और समस्याओं की पहचान पहले ही हो जाएगी। जिससे समय पर सड़कों की मरम्मत कराना आसान हो जाएगा। इसके अलावा, डेटा के आधार पर हाईवे मेंटेनेंस की प्लानिंग और मॉनिटरिंग भी पहले की तुलना में अधिक बेहतर हो सकती है।
आम लोगों को क्या फायदा होगा?
बता दें कि भारत ऐसा पहला देश नहीं है जहां AI आधारित रोड मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग किया जाएगा। बल्कि अमेरिका और यूरोप जैसे देशों में इस तकनीक का इस्तेमाल काफी पहले से किया जा रहा है। इससे आम लोगों को भी फायद होगा। AI आधारित रोड मॉनिटरिंग सिस्टम होने पर यात्रा के दौरान बेहतर और स्मूद सड़क एक्सपीरियंस मिलेगा। गड्ढों और खराब सड़कों से राहत मिल जाएगी जिससे सड़क हादसे भी कम होंगे।
हालांकि, इस तकनीक को लागू करने में कुछ चुनौतियां भी हैं जैसे कि बड़े स्तर पर निवेश और लागत आ सकती है। AI डैशकैम के डेटा की सटीकता और अपडेट पर नजर रखना भी एक अहम कार्य होगा। ग्रामीण और दूरदाज इलाकों तक पहुंच बनाना भी एक टास्क होगा। यहां तक कि टेक्नोलॉजी इंटीग्रेशन की जटिलता भी सामने आ सकती है। अगर यह सिस्टम सही तरीके से लागू होता है तो भारत में सड़क प्रबंधन का मॉडल proactive होगा।


