
अगर आपको अपना Gmail एड्रेस पसंद नहीं आ रहा है, तो अब आप इसको बदल सकते हैं। बहुत से लोग सालों पहले बनाए गए Gmail अकाउंट का इस्तेमाल आज भी कर रहे हैं, लेकिन उनका ईमेल एड्रेस अब प्रोफेशनल नहीं लगता है। ऐसे में अब Google इसी पुरानी परेशानी का समाधान लाने की तैयारी में है। कंपनी जल्द ही ऐसा फीचर लॉन्च कर सकती है, जिससे यूजर बिना नया अकाउंट बनाए अपना Gmail यूजरनेम बदल सकेंगे। इस नए बदलाव के बाद यूजर अपना पुराना @gmail.com वाला ईमेल एड्रेस बदलकर नया Gmail एड्रेस चुन पाएंगे, जबकि Google अकाउंट वही रहेगा यानी Drive, Photos, YouTube, Play Store, खरीदारी, सब्सक्रिप्शन और पूरा डाटा पहले की तरह ही सुरक्षित रहेगा।
कब से उपलब्ध होगा Gmail यूजरनेम बदलने का फीचर
फिलहाल Google ने इस फीचर के ग्लोबल लॉन्च को लेकर कोई तय तारीख नहीं बताई है। हालांकि Google के एक सपोर्ट पेज से संकेत मिलता है कि कंपनी इसे जल्द रोलआउट करने की योजना बना रही है। खास बात यह है कि यह सपोर्ट पेज फिलहाल केवल हिंदी भाषा में दिखाई दे रहा है, जिससे माना जा रहा है कि यह फीचर सबसे पहले भारत में लॉन्च किया जा सकता है।

Google के सपोर्ट पेज के मुताबिक, यूजर अपना Gmail एड्रेस पूरी तरह बदल सकेंगे। अगर आपके Google अकाउंट का ईमेल एड्रेस gmail.com पर खत्म होता है, तो आप उसे किसी दूसरे @gmail.com एड्रेस से बदल पाएंगे।
ईमेल बदलने के बाद भी आपके पुराने ईमेल सुरक्षित रहेंगे और नए Gmail एड्रेस पर मेल मिलते रहेंगे। इसके साथ ही पुराना Gmail एड्रेस सेकेंडरी एड्रेस के तौर पर अकाउंट से जुड़ा रहेगा, जिससे अगर कोई आपको पुराने एड्रेस पर मेल भेजता है, तो वह भी आपके इनबॉक्स में ही आएगा। सबसे बड़ी बात यह है कि आपका पुराना Gmail एड्रेस किसी और को नहीं दिया जाएगा।
Gmail यूजरनेम बदलने से जुड़े नियम
Google ने इस फीचर के साथ कुछ सीमाएं भी तय की हैं। यूजर केवल 12 महीने में एक बार ही Gmail यूजरनेम बदल सकेंगे। इसके अलावा, एक Google अकाउंट में कुल तीन बार ही Gmail एड्रेस बदला जा सकेगा। अगर कोई यूजर चाहे तो वह पुराने Gmail एड्रेस से नया Google अकाउंट भी बना सकता है, लेकिन इसके लिए 12 महीने का इंतजार करना जरूरी होगा।
किन यूजर्स को मिलेगा यह फीचर
यह सुविधा मुख्य रूप से पर्सनल Gmail अकाउंट्स के लिए होगी यानी जिन यूजर्स का ईमेल एड्रेस @gmail.com पर खत्म होता है, वे इस फीचर का इस्तेमाल कर पाएंगे। वहीं, जिन अकाउंट्स का ईमेल वर्क, स्कूल या किसी संस्था द्वारा सेट किया गया है, उन्हें Gmail एड्रेस बदलने के लिए अपने एडमिनिस्ट्रेटर से संपर्क करना होगा।
कैसे पता करें कि यह फीचर आया या नहीं
Google इस फीचर को धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए जारी करेगा। यूजर अपने Google Account Settings में जाकर ‘Personal info’ और फिर ‘Email’ सेक्शन में चेक कर सकते हैं। अगर वहां Gmail एड्रेस बदलने का विकल्प दिखता है, तो इसका मतलब है कि यह फीचर आपके अकाउंट के लिए एक्टिव हो गया है।
कुल मिलाकर, Google का यह नया अपडेट उन लाखों यूजर्स के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है, जो अपने पुराने Gmail एड्रेस से अब खुश नहीं हैं और बिना डाटा खोए एक नया, ज्यादा प्रोफेशनल ईमेल एड्रेस इस्तेमाल करना चाहते हैं।


