LG CES 2026 में लॉन्च करेगी नई Gallery TV, अब दीवार पर दिखेगी सुंदर डिजिटल आर्ट

LG ने कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो (CES) 2026 में अपनी नई Gallery TV को पेश करने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। यह टीवी LG की लाइफस्टाइल टेलीविजन सीरीज का हिस्सा होगी, जिसे खास तौर पर उन यूजर्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, जो सिर्फ एंटरटेनमेंट ही नहीं, बल्कि घर की सजावट में भी टेक्नोलॉजी को अहम मानते हैं। LG का फोकस इस बार टीवी को एक ऐसे प्रोडक्ट के रूप में पेश करने पर है, जो इस्तेमाल न होने पर भी घर की दीवार की खूबसूरती बढ़ाए।

LG Gallery TV को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह बंद होने पर एक डिजिटल कैनवास की तरह नजर आए। कंपनी के अनुसार, यह टीवी पारंपरिक ब्लैक स्क्रीन की तरह नहीं दिखेगी, बल्कि दीवार पर टंगी एक आर्ट फ्रेम जैसा अनुभव देगी। यह LG की उस रणनीति को आगे बढ़ाती है, जिसमें टीवी को सिर्फ स्क्रीन नहीं, बल्कि इंटीरियर का हिस्सा बनाया जा रहा है।

इस टीवी की सबसे खास बात इसका Gallery Mode है, जिसे म्यूजियम क्यूरेटर्स के साथ मिलकर डेवलप किया गया है। इस मोड में कलर एक्युरेसी, ब्राइटनेस और कॉन्ट्रास्ट को इस तरह ट्यून किया गया है कि स्क्रीन पर दिखाई देने वाली आर्टवर्क्स असली पेंटिंग जैसी टेक्सचर और गहराई का एहसास दे। टीवी आसपास की रोशनी के हिसाब से अपने पिक्चर सेटिंग्स को ऑटोमैटिक एडजस्ट भी करता है, जिससे दिन और रात दोनों समय विजुअल क्वालिटी बनी रहती है।

LG Gallery TV को 55 इंच और 65 इंच के दो साइज ऑप्शन में लॉन्च किया जाएगा। इसका स्लिम और फ्लश-माउंट डिजाइन टीवी को दीवार के बेहद करीब फिट होने देता है, जिससे यह एक फ्रेम्ड आर्टवर्क जैसा लुक देता है। इसके साथ मिलने वाले कस्टमाइजेबल मैग्नेटिक फ्रेम्स यूजर्स को अपने इंटीरियर के हिसाब से टीवी का लुक बदलने की सुविधा देते हैं।

Gallery TV में LG की MiniLED डिस्प्ले टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है, जो Alpha 7 AI Processor के साथ मिलकर 4K रिजॉल्यूशन आउटपुट देती है। साउंड की बात करें, तो इसमें AI Sound Pro सपोर्ट दिया गया है, जो वर्चुअल 9.1.2 चैनल ऑडियो आउटपुट का एक्सपीरियंस देने का दावा करता है। इसका मकसद बिना एक्सटर्नल स्पीकर्स के भी इमर्सिव साउंड एक्सपीरियंस देना है।

इस टीवी के साथ LG Gallery+ सर्विस भी दी जाएगी, जिसमें 4,500 से ज्यादा आर्टवर्क्स की लाइब्रेरी शामिल है। कंपनी समय-समय पर इस कलेक्शन को अपडेट करती रहेगी। LG का कहना है कि यह सर्विस Gallery TV के कॉन्सेप्ट का अहम हिस्सा है, जो स्क्रीन को सिर्फ वीडियो देखने के लिए नहीं, बल्कि घर की सजावट का एक फंक्शनल एलिमेंट बनाती है।

CES 2026 में पेश होने वाली LG Gallery TV उन यूजर्स को टारगेट करती है, जो टेक्नोलॉजी के साथ-साथ डिजाइन और एस्थेटिक्स को भी बराबर महत्व देते हैं। यह टीवी LG के लाइफस्टाइल प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को और मजबूत बनाती है, जहां टीवी सिर्फ देखने की चीज नहीं, बल्कि देखने लायक भी होता है।