
सोनी लिव (Sony LIV) ने अपनी अंतरराष्ट्रीय पहुंच को और बढ़ाते हुए YouTube TV और YouTube Primetime Channels के साथ एक बड़ी साझेदारी की है। Sony Pictures Networks India (SPNI) के प्रीमियम स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने बताया कि अब संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया के दर्शक YouTube TV और YouTube Primetime Channels के जरिए सीधे Sony LIV की सदस्यता ले सकेंगे। यह कदम कंपनी की अंतरराष्ट्रीय विस्तार रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। इससे भारतीय कंटेंट देखना अब पहले से कहीं आसान हो जाएगा, खासकर उन लोगों के लिए जो पहले अलग-अलग ऐप्स का इस्तेमाल नहीं करना चाहते थे।
इस इंटीग्रेशन के बाद दर्शकों को Sony LIV का पूरा कलेक्शन YouTube पर ही मिल जाएगा, जिसमें हिट वेब सीरीज Scam 1992, Tanaav, Maharani, Rocket Boys, Mayasabha और The Hunt जैसे पॉपुलर शो भी शामिल हैं। इसके अलावा, Sony LIV की फिल्मों और टीवी शोज का बड़ा लाइब्रेरी भी सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध रहेगा। Sony LIV को YouTube TV और Primetime Channels पर एक स्टैंडअलोन सब्सक्रिप्शन के रूप में जोड़ा गया है।
सब्सक्रिप्शन की कीमत हर देश के हिसाब से अलग-अलग है। अमेरिका में इसकी कीमत 7.99 डॉलर, यूके में 7.99 पाउंड, फ्रांस और जर्मनी में 8.49 यूरो और ऑस्ट्रेलिया में 13.99 ऑस्ट्रेलियन डॉलर रखी गई है। खास बात यह है कि सब्सक्रिप्शन और पेमेंट दोनों YouTube के जरिए ही होंगे, जिससे यूजर्स को अलग ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और बिलिंग भी आसान हो जाएगी।
| देश | मासिक प्लान |
| ऑस्ट्रेलिया | 13.99 ऑस्ट्रेलियन डॉलर |
| फ्रांस | 8.49 यूरो (€8.49) |
| जर्मनी | 8.49 यूरो (€8.49) |
| यूनाइटेड किंगडम (UK) | 7.99 पाउंड |
| संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) | 7.99 डॉलर |
Sony LIV के हेड ऑफ मोनेटाइजेशन मनीष अग्रवाल ने कहा कि वे इस साझेदारी से उत्साहित हैं, क्योंकि इससे वैश्विक दर्शकों तक भारतीय कंटेंट पहुंचाने के उनके लक्ष्य को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह कोलैबोरेशन यूजर्स को उनके पसंदीदा प्लेटफॉर्म पर Sony LIV का प्रीमियम कंटेंट देखने की सुविधा प्रदान करेगा।
YouTube के हेड ऑफ टॉप मीडिया पार्टनरशिप्स पॉल स्नो ने भी इस गठजोड़ का स्वागत किया और कहा कि इस टाई-अप से यूजर्स को और ज्यादा अलग-अलग कंटेंट मिलेगा और उनका एक्सपीरियंस भी बेहतर होगा।
इस पार्टनरशिप से भारतीय डायस्पोरा यानी विदेशों में रहने वाले भारतीयों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा, क्योंकि अब वे YouTube पर ही भारत की पॉपुलर वेब सीरीज और शो आसानी से देख सकेंगे। इसके साथ ही उन इंटरनेशनल दर्शकों के लिए भी यह अच्छा मौका है जो भारतीय कंटेंट में दिलचस्पी रखते हैं।


