
व्हाट्सऐप (WhatsApp) ने 2026 की शुरुआत में अपने ग्रुप चैट एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाने के लिए कई नए फीचर्स का ऐलान किया है। Meta के स्वामित्व वाला यह इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म अब ग्रुप्स में यूजर्स की पहचान को स्पष्ट करने, मैसेजिंग को ज्यादा एक्सप्रेसिव बनाने और इवेंट मैनेजमेंट को आसान करने पर फोकस कर रहा है। नए अपडेट में Member Tags, Text Stickers और Advanced Event Reminders जैसे फीचर्स शामिल किए गए हैं, जो सभी प्लेटफॉर्म्स पर काम करेंगे।
Group Chats में Member Tags फीचर
व्हाट्सऐप ने ग्रुप चैट्स के लिए Member Tags नाम का नया फीचर पेश किया है। इस फीचर के जरिए यूजर्स हर ग्रुप के लिए खुद का एक कस्टम टैग सेट कर सकते हैं, जो उनकी भूमिका या पहचान को दर्शाता है। खास बात यह है कि ये टैग हर ग्रुप में अलग-अलग हो सकते हैं। उदाहरण के तौर पर, कोई यूजर फैमिली ग्रुप में Anna’s Dad के नाम से दिख सकता है, जबकि स्पोर्ट्स ग्रुप में वही यूजर Goalkeeper टैग के साथ नजर आएगा। ये टैग ग्रुप के सभी मेंबर्स को दिखाई देंगे, जिससे बातचीत के दौरान यह समझना आसान होगा कि कौन किस रोल में है।

Text Stickers से चैट होगी और मजेदार
WhatsApp ने Text Stickers फीचर भी रोलआउट किया है, जिससे यूजर्स किसी भी टाइप किए गए शब्द को सीधे स्टिकर में बदल सकते हैं। इसके लिए यूजर को Sticker Search में टेक्स्ट डालना होगा। अब यूजर्स को स्टिकर सेव करने के लिए पहले उसे चैट में भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नए बनाए गए टेक्स्ट स्टिकर्स को सीधे स्टिकर पैक में ऐड किया जा सकता है, जिससे कस्टम स्टिकर्स को सेव करना और दोबारा इस्तेमाल करना काफी आसान हो जाएगा।
Group Events के लिए Event Reminders
ग्रुप चैट्स में इवेंट बनाने वालों के लिए WhatsApp ने Event Reminders फीचर को और बेहतर किया है। अब जब कोई यूजर किसी ग्रुप में इवेंट बनाता है, तो वह उसमें शामिल लोगों के लिए कस्टम अर्ली रिमाइंडर सेट कर सकता है। यह फीचर खासतौर पर मीटिंग्स, पार्टियों या ऑनलाइन कॉल्स के लिए उपयोगी है, ताकि सभी मेंबर्स को सही समय पर नोटिफिकेशन मिल सके और कोई भी इवेंट मिस न हो।
धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचेगा अपडेट
WhatsApp ने बताया है कि ये सभी नए ग्रुप चैट फीचर्स धीरे-धीरे रोलआउट किए जा रहे हैं। आने वाले समय में ज्यादा से ज्यादा यूजर्स को Member Tags, Text Stickers और Event Reminders का सपोर्ट मिलने लगेगा। कंपनी ने यह भी संकेत दिया है कि 2026 में WhatsApp पर और कई बड़े फीचर्स आने वाले हैं, जिनमें usernames, बेहतर स्टोरेज मैनेजमेंट टूल, सख्त अकाउंट सिक्योरिटी मोड और ग्रुप चैट्स में @all मेंशन फीचर शामिल हो सकते हैं।


