WhatsApp पर अब अनजान नंबर की जगह दिखेगा Username, जानें कैसे काम करेगा नया फीचर

WhatsApp अपने ऐप की सर्च और कॉलिंग फीचर को बेहतर बनाने के लिए एक बड़े अपडेट की तैयारी कर रहा है। नए बीटा वर्जन में ऐसे फीचर दिखाई दे रहे हैं, जिनकी मदद से यूजर्स फोन नंबर की जगह यूजरनेम डालकर लोगों को सर्च कर सकेंगे और उनसे बात कर पाएंगे। WaBetaInfo के अनुसार, iOS बीटा 25.34.10.70 में अब जब कोई यूजर किसी अनजान नंबर को सर्च करता है, तो उससे जुड़ा यूजरनेम भी दिखाया जा रहा है। इससे पहले के बीटा अपडेट में यह साफ हो गया था कि WhatsApp एक ऐसा सिस्टम लाने की तैयारी कर रहा है, जिसमें यूजर सिर्फ यूजरनेम डालकर सर्च कर सकेंगे और उसी स्क्रीन से सीधे वॉयस या वीडियो कॉल कर पाएंगे। इससे यूजर्स को बिना फोन नंबर शेयर किए सुरक्षित तरीके से कनेक्ट होने का मौका मिलेगा।

कैसे काम करेगा यह नया फीचर
अब बात करें कि यह फीचर कैसे काम करेगा, तो प्रक्रिया काफी आसान है। जब कोई यूजर WhatsApp की सर्च बार में किसी अनजान नंबर को टाइप करेगा और वह नंबर किसी खाते से जुड़ा होगा, तो ऐप उस अकाउंट का यूजरनेम और सीमित प्रोफाइल की जानकारी जैसे कि प्रोफाइल फोटो भी दिखाएगा। यह जानकारी पूरी तरह यूजर की प्राइवेसी सेटिंग्स पर निर्भर करेगी। फोन नंबर सर्च करने पर नंबर आगे भी दिखाई देगा, लेकिन अगर कोई सिर्फ यूजरनेम डालकर सर्च करेगा, तो फोन नंबर छिपा रहेगा। इससे यूजर्स की प्राइवेसी और मजबूत होगी।

WhatsApp to Introduce Username Search Feature

नंबर सर्च करने में क्या दिक्कत थी
इस समय जब आप किसी अनजान नंबर को WhatsApp में सर्च करते हैं, तो आपको सिर्फ वही नंबर और प्रोफाइल फोटो दिखाई देती है। पुश नेम तब तक नहीं दिखता, जब तक उस व्यक्ति से बातचीत न हो। इस वजह से यह पता लगाना कठिन हो जाता है कि नंबर किसका है। आने वाले नए यूजरनेम सिस्टम के साथ यह परेशानी खत्म होने वाली है, क्योंकि व्हाट्सऐप सीधे सर्च रिजल्ट में ही अकाउंट का यूजरनेम दिखा देगा।

यूजरनेम फीचर से क्या फायदे होंगे
यूजरनेम दिखने से WhatsApp पर अनजान नंबरों की पहचान आसान हो जाएगी। यूजर्स तुरंत समझ पाएंगे कि कॉल या मैसेज किससे आया है, खासकर तब जब प्रोफाइल फोटो न हो या नंबर सेव न किया गया हो। इससे भ्रम कम होगा और यूजर नए मैसेज या कॉल के साथ इंटरैक्ट करने के बारे में बेहतर फैसला ले पाएंगे। यह बदलाव WhatsApp के एक्सपीरियंस को और अधिक पारदर्शी और यूजर-फ्रेंडली बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

2026 में होगा नया फीचर रोलआउट
WhatsApp के आधिकारिक बयान के अनुसार, यूजरनेम फीचर का रोलआउट 2026 में किया जाएगा। कंपनी ने बिजनेस अकाउंट्स वाले यूजर को कहा है कि वे जून 2026 तक अपने सिस्टम को नए यूजरनेम और बिजनेस-स्पेसिफिक IDs के अनुरूप तैयार कर लें। इसके बाद आम यूजर्स के लिए यह फीचर 2026 के अंत तक उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल यह फीचर टेस्टिंग स्टेज में है और आने वाले बीटा अपडेट्स में इसे और बेहतर किया जाएगा।

कंपनी लगातार सर्च एक्सपीरियंस, प्राइवेसी सेटिंग्स और यूजरनेम हैंडलिंग सिस्टम को सुधार रही है ताकि ऑफिशियल लॉन्च के समय यह फीचर एकदम स्मूद और भरोसेमंद तरीके से काम कर सके। आने वाले महीनों में बीटा यूजर्स को इस फीचर के और नए बदलाव देखने को मिलेंगे।