
भारती एयरटेल (Bharti Airtel) ने भारत में अपने एंट्री-लेवल पोस्टपेड यूजर्स के लिए 449 रुपये का एक आकर्षक पोस्टपेड प्लान पेश किया है। यह प्लान उन यूजर्स के लिए है, जो अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ बेहतर डेटा बेनिफिट्स और प्रीमियम सब्सक्रिप्शन का फायदा लेना चाहते हैं। Airtel का यह प्लान सीधे तौर पर Vodafone Idea के 449 रुपये वाले पोस्टपेड प्लान को टक्कर देता है। हालांकि यह कोई फैमिली प्लान नहीं है, बल्कि सिंगल यूजर के लिए डिजाइन किया गया प्लान है। अगर ग्राहक चाहें, तो अतिरिक्त शुल्क देकर इसमें एक और सिम भी जोड़ सकते हैं।
Airtel का 449 रुपये वाला पोस्टपेड प्लान टैक्स जोड़ने के बाद 500 रुपये से ज्यादा का पड़ता है। इसके अलावा, अगर यूजर तय लिमिट से ज्यादा डेटा या अन्य सर्विस का इस्तेमाल करता है, तो अतिरिक्त चार्ज भी देना होगा। बावजूद इसके इस कीमत में मिलने वाले बेनिफिट्स इसे एक वैल्यू-फॉर-मनी पोस्टपेड प्लान बनाते हैं।
Airtel Rs 449 पोस्टपेड प्लान के फायदे की बात करें, तो इसमें यूजर्स को अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग, हर दिन 100 SMS और 50GB हाई-स्पीड डेटा मिलता है। यह डेटा उन यूजर्स के लिए काफी है, जो रोजाना इंटरनेट, सोशल मीडिया, वीडियो स्ट्रीमिंग और ऑफिस से जुड़ा काम करते हैं। इसके साथ ही Airtel इस प्लान में Google One का फ्री सब्सक्रिप्शन भी दे रहा है, जिसमें 100GB का क्लाउड स्टोरेज मिलता है। आम तौर पर Google One का यह प्लान अलग से लेने पर करीब 130 रुपये प्रति महीने का खर्च आता है।

इस पोस्टपेड प्लान की सबसे बड़ी खासियत है Perplexity Pro का फ्री सब्सक्रिप्शन है, जो पूरे एक साल के लिए दिया जा रहा है। Perplexity Pro एक एडवांस AI सर्च और रिसर्च टूल है, जो खासतौर पर स्टूडेंट्स, प्रोफेशनल्स और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए काफी उपयोगी माना जाता है। इसके अलावा, यूजर्स को Airtel Xstream Play Premium का एक्सेस भी मिलता है, जिससे वे अलग-अलग OTT प्लेटफॉर्म्स पर वेब सीरीज, फिल्में और लाइव टीवी देख सकते हैं।
Airtel इस प्लान के साथ फ्री Hellotunes की सुविधा भी देता है, जिससे यूजर अपनी पसंद की कॉलर ट्यून सेट कर सकते हैं। साथ ही, कंपनी अपने नेटवर्क के जरिए स्पैम कॉल्स और फ्रॉड मैसेजेस को ऑटोमैटिक डिटेक्ट करके यूजर्स को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के सुरक्षा भी देती है। हाल ही में Airtel ने Blue Ribbon Bag बेनिफिट को भी अपने पोस्टपेड प्लान्स में शामिल किया है, जिससे कस्टमर एक्सपीरियंस और बेहतर होता है।
Airtel का 449 रुपये वाला पोस्टपेड प्लान देश के सभी टेलीकॉम सर्कल्स में उपलब्ध है। GST की गणना फाइनल बिलिंग के समय की जाती है। अगर आप एक ऐसा पोस्टपेड प्लान ढूंढ रहे हैं जिसमें कॉलिंग, डेटा के साथ-साथ क्लाउड स्टोरेज, AI टूल और OTT बेनिफिट्स भी मिलें, तो Airtel का यह एंट्री-लेवल पोस्टपेड प्लान आपके लिए एक मजबूत विकल्प साबित हो सकता है।


