
भारत में सैटेलाइट इंटरनेट का बाजार अब तेजी से बढ़ रहा है और इसी बीच Elon Musk की सैटेलाइट बेस्ड ब्रॉडबैंड सर्विस स्टारलिंक (Starlink) ने भारत के लिए अपनी आधिकारिक कीमतों का खुलासा कर दिया है। बता दें कि कई महीनों से चल रही सरकारी मंजूरी, टेस्टिंग और नेटवर्क तैयारी के बाद कंपनी ने अपने प्लान, हार्डवेयर किट की कीमत और शुरुआती ऑफर्स की घोषणा कर दी है। कीमत सामने आने के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि Starlink बहुत जल्द भारत के रूरल और रिमोट इलाकों में हाई-स्पीड इंटरनेट उपलब्ध कराने के लिए एंट्री करने वाली है।
Starlink क्या है और कैसे काम करता है
Starlink, SpaceX की सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस है, जिसमें धरती के ऊपर लो अर्थ ऑर्बिट में मौजूद हजारों छोटे सैटेलाइट्स एक साथ मिलकर हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड नेटवर्क तैयार करते हैं। यह पारंपरिक फाइबर या मोबाइल नेटवर्क पर निर्भर नहीं होते हैं, इसलिए यह पहाड़ी, रेगिस्तानी, जंगल या दूर-दराज इलाकों में भी इंटरनेट उपलब्ध करा सकता है। वर्तमान में Starlink 70 से अधिक देशों में उपलब्ध है और इसकी लो-लेटेंसी कनेक्टिविटी की वजह से यह ऑनलाइन क्लासेस, वीडियो कॉलिंग, लाइव स्ट्रीमिंग और छोटे बिजनेस के लिए एक भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरा है।

भारत में कितनी कीमत चुकानी होगी
Starlink की वेबसाइट के अनुसार, इसकी मासिक रेजिडेंशियल इंटरनेट सर्विस भारत में 8,600 रुपये प्रति माह की दर से उपलब्ध होगी। इसके साथ ही कंपनी यूजर्स से एक बार लगने वाली हार्डवेयर किट की कीमत भी वसूल करेगी, जिसकी कीमत 34,000 रुपये है। ये हार्डवेयर किट आमतौर पर एक सैटेलाइट डिश, राउटर, केबल्स और माउंटिंग एक्सेसरीज के साथ आती है, जिसे plug-and-play सेटअप की तरह आसानी से इंस्टॉल किया जा सकता है। कंपनी का दावा है कि यूजर्स को अनलिमिटेड डाटा, 99.9 प्रतिशत से अधिक अपटाइम और मौसम व मुश्किल जगहों में भी काम करने वाली स्थिर कनेक्टिविटी मिलेगी।
अन्य देशों में कितनी है कीमत
Starlink की कीमत हर देश में अलग है और भारत का रेट कई देशों की तुलना में थोड़ा प्रीमियम कैटेगरी में आता है।
- अमेरिका में Residential Light प्लान 80 डॉलर (करीब 7,200 रुपये) में उपलब्ध है, जबकि Standard प्लान 120 डॉलर (लगभग 10,800 रुपये) में मिलता है।
- दुबई में यह सर्विस 300 AED प्रति माह (करीब 7,300 रुपये) और हार्डवेयर 1,500 AED (करीब 36,800 रुपये) में मिलता है।
- भूटान में प्लान 4,200 BTN (करीब 4,210 रुपये) और हार्डवेयर 33,000 BTN (करीब 33,100 रुपये) में उपलब्ध है।
- बांग्लादेश में Light प्लान 4,200 BDT (करीब 3,100 रुपये) और Standard 6,000 BDT (करीब 4,400 रुपये) में मिलता है, जबकि हार्डवेयर किट की कीमत लगभग 29,000 रुपये के बराबर है।
इन देशों में स्टारलिंक की कीमत देखकर ये समझ में आता है कि भारत में Starlink का मासिक रेंट अपेक्षाकृत ज्यादा है, लेकिन कंपनी इसे ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में फाइबर की कमी को पूरा करने के नजरिए से पोजिशन कर रही है।
भारत में क्यों है जरूरत
Starlink के भारत में आने से उन क्षेत्रों को लाभ मिल सकता है जहां ब्रॉडबैंड केबल बिछाना मुश्किल है या मोबाइल नेटवर्क बहुत अस्थिर है। पहाड़ी राज्यों, नॉर्थ-ईस्ट, जंगल क्षेत्रों, गांवों और सीमावर्ती इलाकों में इंटरनेट की क्वालिटी पहले से ही बड़ी समस्या है। Starlink का लक्ष्य ऐसे क्षेत्रों में स्टेबल, हाई-स्पीड और लो-लेटेंसी इंटरनेट पहुंचाना है, जिससे एजुकेशन, हेल्थकेयर, ऑनलाइन बिजनेस, डिजिटल पेमेंट और ई-गवर्नेंस को मजबूत सपोर्ट मिल सकता है।
कनेक्टिविटी के मोर्चे पर Starlink भारत में मजबूत आधार तैयार करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। कंपनी हैदराबाद, लखनऊ, मुंबई, नोएडा, कोलकाता और चंडीगढ़ जैसे प्रमुख शहरों में गेटवे अर्थ स्टेशन स्थापित करने की योजना बना रही है। ये स्टेशन सैटेलाइट नेटवर्क और जमीन पर मौजूद यूजर टर्मिनल्स के बीच एक तरह से रिले हब का काम करेंगे, जिससे सिग्नल ट्रांसमिशन तेज, स्थिर और कम-लेटेंसी वाला बनेगा। ऐसे अर्थ स्टेशन किसी भी सैटेलाइट इंटरनेट नेटवर्क की रीढ़ माने जाते हैं और Starlink इन्हें बड़े पैमाने पर स्थापित कर रहा है ताकि भारत में सेवा शुरू होते ही नेटवर्क बिना रुकावट के काम कर सके।
स्पीड को लेकर कंपनी की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन मौजूदा ग्लोबल डाटा और शुरुआती रिपोर्ट्स के आधार पर उम्मीद है कि Starlink भारत में 25Mbps से लेकर 225Mbps तक की डाउनलोड स्पीड प्रदान कर सकता है। यह स्पीड रेंज ग्रामीण, पहाड़ी और कठिन इलाकों के लिए पारंपरिक मोबाइल नेटवर्क और ब्रॉडबैंड की तुलना में काफी बेहतर मानी जाएगी।
बताते चलें कि जुलाई 2025 में कंपनी को भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (DoT) से पांच साल के लिए लाइसेंस मिल चुका है। इसके बाद से ही Starlink धीरे-धीरे अपनी भारतीय टीम बना रही है और कंपनी ने बेंगलुरु में पेमेंट, अकाउंटिंग और टैक्स से जुड़ी नौकरियों के लिए भर्तियां भी शुरू कर दी हैं। हालांकि अभी आधिकारिक लॉन्च डेट तय नहीं की गई है। मगर कीमत की घोषणा के साथ यह साफ है कि Starlink भारत में लॉन्च के काफी करीब है और आने वाले महीनों में इसके सक्रिय होने की उम्मीद की जा रही है।


