Vi ने पेश किया 84 दिन वाला सस्ता प्रीपेड प्लान, जानें Jio और Airtel के प्लान से कैसे है अलग

भारत में टेलीकॉम कंपनियों के बीच सस्ते और लंबी वैधता वाले प्रीपेड प्लान को लेकर प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। इसी बीच Vodafone-Idea (Vi) ने एक नया 84 दिनों वाला प्रीपेड प्लान पेश किया है। इस प्लान को उन यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है, जो कम डेटा उपयोग करते हैं, लेकिन उन्हें लंबे समय के लिए कॉलिंग प्लान चाहिए। आइए जानते हैं, Vi के ₹548 प्रीपेड प्लान में आपको क्या बेनिफिट्स मिलते हैं और यह जियो और एयरटेल के सस्ते 84 दिन वाले प्रीपेड प्लान से कैसे अलग है:

Vi का नया 548 रुपये वाला प्लान उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया गया है, जिन्हें ज्यादा डेटा की जरूरत नहीं होती है, बल्कि वे कॉलिंग और SMS की सुविधा चाहते हैं। इसमें ट्रूली अनलिमिटेड कॉलिंग, 84 दिनों की वैधता, 7GB डेटा और 1000 SMS मिलते हैं। डेटा खत्म होने पर 50 पैसे प्रति MB की दर से चार्ज लगता है, जो दर्शाता है कि यह प्लान मुख्य रूप से कॉलिंग-फोकस्ड यूजर्स के लिए बनाया गया है। इसी तरह, SMS लिमिट खत्म होने के बाद लोकल और STD दोनों के लिए अलग-अलग शुल्क लागू होते हैं। यह प्लान उन लोगों के लिए उपयुक्त है जिन्हें महीने भर में सिर्फ हल्का इंटरनेट इस्तेमाल करना होता है, जैसे- बेसिक सोशल मीडिया चेक करना, UPI भुगतान करना या मैसेजिंग ऐप्स चलाना।

vi 548 plan

वहीं Airtel भी बिल्कुल इसी कीमत में एक 548 रुपये वाला प्लान उपलब्ध कराता है। इस प्रीपेड प्लान में मिलने वाले बेनिफिट्स भी लगभग समान हैं। इसमें आपको अनलिमिटेड कॉलिंग, 7GB डेटा और 84 दिनों की वैधता मिलता है। हालांकि Airtel में यूजर्स को 84 दिनों के लिए कुल 900 SMS मिलते हैं। इसके साथ perplexity pro AI का 12 महीनों का सब्सक्रिप्शन मिलता है।

अगर Jio के सस्ते 84 दिन वाले प्लान की बात करें, तो एक ₹448 वाला प्रीपेड प्लान है, जिसे सिर्फ वॉयस कॉलिंग यूजर्स को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इस प्लान में कोई डेटा नहीं मिलता है, लेकिन 84 दिनों तक अनमिलिटेड कॉलिंग मिलती है। इसके अलावा, 1000 SMS और JioTV व JioAICloud जैसी डिजिटल सेवाओं का एक्सेस भी दिया गया है।

अगर आपको डेटा भी चाहिए, तो फिर Jio का 799 रुपये वाला प्लान देख सकते हैं। इसमें प्रतिदिन 1.5GB डेटा के साथ कुल 126GB हाई-स्पीड डेटा मिलता है, जो सोशल मीडिया, यूट्यूब स्ट्रीमिंग, ऑनलाइन क्लास या वीडियो कॉलिंग जैसे उपयोगों के लिए पर्याप्त है। इसमें रोजाना 100 SMS, अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा मिलती है। इसके साथ JioTV व JioAICloud को भी प्लान के साथ एक्सेस किया जा सकता है।

कौन-सा प्लान अच्छा है, तो बता दें कि अगर आप एक बेसिक यूजर हैं और आपको सिर्फ कॉलिंग व थोड़े डेटा की जरूरत है, तो Vi और Airtel के 548 रुपये वाले प्लान आपकी जरूरतें पूरी कर सकते हैं। वहीं, Jio का 448 रुपये वाला पैक सबसे बजट-फ्रेंडली विकल्प है, लेकिन यह खासकर उन लोगों के लिए जो केवल कॉलिंग उपयोग करते हैं।